कचहरी के जाम का जल्द होगा समाधान

कचहरी के जाम का जल्द होगा समाधान

संक्षेप:

Lalitpur News - ललितपुर में कचहरी से विकास भवन जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने सीडीओ के साथ पैदल निरीक्षण किया। बाइक खड़ी करने के स्थान और जाम की स्थिति को देखते हुए, उन्होंने पार्किंग स्थल विकसित करने का सुझाव दिया है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं से बातचीत करके जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।

Dec 10, 2025 11:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, ललितपुर
share

ललितपुर। कचहरी से विकास भवन जाने वाले मार्ग पर चकबंदी कार्यालय के पास लगने वाले जाम की समस्या हल करने के लिए जिलाधिकारी ने सीडीओ के साथ पैदल भ्रमण करके स्थितियों का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्ट्रेट के आस पास बाइक खड़ी करने के स्थान भी देखे। कचहरी से विकास भवन जाने वाले मार्ग के दोनों ओर अधिवक्ताओं, टाइपराइटरों, नोटरी के टीनशेड हैं। इसके बाद अधिवक्ताओं और वादीगणों की मोटरसाइकिले यहां खड़ी रहती हैं। जिसकी वजह से सड़क पर आवागमन का मार्ग बहुत संकरा हो जाता है। ऐसे में चार पहिया वाहन आमने सामने आने की स्थिति में घंटों जाम लगा रहता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कई बार आड़े तिरछे वाहनों के बीच फंसे अधिकारी अपने वाहन छोड़कर पैदल कार्यालय गए। इन स्थितियों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश को स्थितियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कई बार यहां फंसने के कारण अधिकारी महत्वपूर्ण मीटिंगों में विलंब से पहुंच पाते हैं। बीमार पड़ने की स्थिति में यहां से जल्द निकलने का विकल्प नहीं रहता है। जिसके बाद जिलाधिकारी समस्या को परखने और उसके समाधान को खोजने के लिए पैदल विकास भवन से कलेक्ट्रेट के लिए चल दिए। उन्होंने दोनों ओर खड़ी बाइकों को देखा। इसके बाद कलेक्टे्रट गेट और वन विभाग कार्यालय की चहारदीवारी के पास पार्किंग स्थल विकसित करने से समस्या का हल उनको नजर आया। जिलाधिकारी ने कहा कि जल्द ही बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं से बातचीत करके वह समस्या का हल जल्द ही खोज लेंगे।