Lalitpur News: मड़ावरा को नपं बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री से मिले भाजपाई
Lalitpur News: मड़ावरा की नगर पंचायत बनाने की मांग तेजी से बढ़ी है। राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ और जिपं सदस्य वीर सिंह बुंदेला ने लखनऊ में मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम से इस मुद्दे को उठाया। 12,000 की आबादी और विकास को देखते हुए यह कस्बा व्यापार और शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

Lalitpur News: मड़ावरा। जनपद के अतिपिछड़े ब्लाक कहे जाने वाले मड़ावरा को नगर पंचायत बनाने की मांग दिनोंदिन जोर पकड़ती जा रही है। राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ के साथ जिपं सदस्य वीर सिंह बुंदेला सहित कई भाजपाइयों ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में बताया कि मड़ावरा कस्बे की आबादी करीब 12 हजार है। कस्बा लगातार तेजी से विकसित हो रहा है। यह कस्बा आसपास के दर्जनों गांवों के लिए व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। तहसील, विकासखंड कार्यालय, कोतवाली, अस्पताल, वन रेंज, बैंक, विद्यालय, महाविद्यालय समेत अनेक महत्वपूर्ण संस्थान यहां संचालितल हो रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए मड़ावरा पहुंचते हैं। इसके बावजूद कस्बे को अभी तक नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका है। आबादी बढ़ने और कस्बे का विस्तार होने के साथ ही नागरिक सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ रहा है। जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से मड़ावरा में विकास कार्यों को नई गति मिल सकती है। वर्तमान में साफ-सफाई, सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित कई मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर किए जाने की आवश्यकता है। बढ़ती आबादी और फैलते क्षेत्रफल की आवश्यकताओं को देखते हुए अब नगर पंचायत का दर्जा समय की मांग बन चुका है। जिला पंचायत सदस्य ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य, चिकित्सा और शिक्षा से जुड़े मामलों पर चर्चा की। स्वास्थ्य केंद्रों की अव्यवस्थाओं को प्रमुखता से रखा।


