सरकारी टोटियों से नहीं, गड्ढ़े में गिरने से मिलता पानी
फोटो- 1, 2, 3, 4कैप्सन- चंडी माता मंदिर जाने वाले मार्ग पर खोदी गई गली, नयी बस्ती स्थित जैन मंदिर जाने वाला खुदा पड़ा सड़क मार्ग, नपा पूर्व अध्यक्ष के घ

ललितपुर। नयी बस्ती और गांधी नगर मुहल्ले में हजारों की आबादी के बीच दो प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों को जल निगम के ठेकेदारों ने चलने लायक नहीं छोड़ा है। प्राचीन चंडी माता मंदिर और जैन मंदिर के आस पास की गलियां बदहाली का शिकार हैं। ठेकेदारों ने इनको खोदकर पाइप लाइन तो बिछाई लेकिन उनको दुरुस्त नहीं कराया। शहरवासियों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए अमृत टू के तहत पाइप पेयजल योजना निर्माण कराया जा रहा है। विभिन्न क्षमताओं वाली पानी की तीन टंकियां बनाई जा चुकी हैं। राइजिंग लेन और वितरण पाइप लाइनों को बिछाने का काम अंतिम चरण पर है। इस कार्य को बेहतर ढंग से कराने में विभागीय अधिकारी अक्षम साबित हुए। जिस कारण ठेकेदार ने मनमाने ढंग से सड़कों व गलियों की खुदाई के साथ पाइप लाइन बिछाने का काम किया। उसने कटर के बजाए हैमर मशीन से सड़कों व गलियों को खोदा। फिर निर्धारित से कम गहराई में पाइप लाइन बिछाईं। इस काम को निपटाने के बाद ठेकेदार ने खुदी हुई सड़कों को भगवान भरोसे छोड़ दिया। जिसके चलते सड़कें और गलियां छलनी हो गयीं। उनमें कई फिट गहरे गड्ढ़े हो गए। जिनके करीब से आवागमन करने में वाहन चालकों और राहगीरों को समस्या हो रही है। नयी बस्ती में चंडी माता मंदिर जाने वाली गलियों को लगभग दो महीने पहले ठेकेदार ने खोदकर पाइप डाला था। इसके बाद उसने इस गली की ओर देखा तक नहीं। मंदिर के आस पास की गलियों में गहरे गड्ढ़े होने से लोगों को आवागमन के दौरान दिक्कतों का सामना करना पर रहा है। रात के अंधेरे में पैदल चालने वाले इन गड्ढों में गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। वहीं दुपहिया वाहनों के आमने सामने होने पर निकलने को रास्ता नहीं मिलता है। ऐसे में गड्ड़े से बचकर निकलने के प्रयास में वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। वाहन चालकों के बीच झगड़ा और मारपीट तक हो चुकी है। उधर, जैन मंदिर जाने वाले मार्ग की हालत दयनीय हो चुकी है। जिला शासकीय अधिवक्ता राजेश दुबे के घर के सामने गहरे गड्ढे होने से वह अपना वाहन घर नहीं ले जा पा रहे हैं। कई दिनों तक तो मोटरसाइकिल भी घर नहीं पहुंची। उनको घर से पैदल ही आना जाना पड़ा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई लेकिन यहां कुछ नहीं हो सका। चंडी माता मंदिर और जैन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को आए दिन समस्याएं हो रही हैं। धार्मिक आयोजनों में क्षतिग्रस्त गलियां बड़ी बाधा बन गयी हैं。
वाहन टकराने से हो चुके विवाद
ललितपुर। मुहल्ले में रहने वाले लोगों ने बताया कि छोटी सी गली को बेतरतीब ढंग से खोदा गया है। जिस कारण इसके कुछ हिस्से से ही आवागमन हो पा रहा है। ऐसे में आमने सामने से आते दुपहिया वाहन निकालने में बहुत समस्या हो रही है। आते जाते समय कई बार एक दूसरे से टकराकर वाहन चालकों के बीच झगड़े और मारपीट हो चुकी है। कुछ लोगों के बीच हुआ विवाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की दहलीज तक पहुंचा था।
ठेकेदार और उसके गुर्गे धमकाते
ललितपुर। पाइप लाइन डालने का कार्य कर रहा ठेकेदार बहुत दबंग और जल निगम अरबन के अधिकारियों का चहेता है। पाइप लाइन डालते समय कई बार मुहल्लेवासियों ने कटर मशीन से काम करने के लिए कहा तो ठेकेदार और उसके गुर्गों ने दबंगई दिखाकर लोगों को शांत कर दिया। सोमवार को मिट्टी खोदकर ले जाते ठेकेदार के लोगों को मुहल्लेवासियों ने गहरे होते गड्ढे भरने के लिए कहा लेकिन उसने किसी की भी बात पर ध्यान नहीं दिया।
बारिश में नारकीय होंगी स्थितियां
ललितपुर। मानसून की दस्तक से पहले यदि इन सड़कों को नहीं बनाया गया तो स्थितियां नारकीय होने से कोई नहीं रोक सकता। बारिश के दौरान इन गड्ढ़ों पानी भरेगा और कीचड़क सड़कों पर फैल जाएगा। जिसके बीच से आवागमन करना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन सा हो जाएगा। इसलिए मुहल्लेवासियों ने नयी बस्ती में खोदकर डाली गई सभी गलियों को बारिश से पहले बनाने की पुरजोर मांग उठाई है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


