कैलगुवां ओवरब्रिज की एक लेन का कार्य हुआ पूर्ण

Jan 15, 2026 11:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, ललितपुर
share Share
Follow Us on

Lalitpur News - झांसी ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैलगुवां चौराहे के ओवरब्रिज की एक लेन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जल्द ही वाहनों का आवागमन शुरू होगा, जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। राज्यमंत्री, विधायक और अधिकारियों ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और 15 जनवरी तक दूसरा लेन भी पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

कैलगुवां ओवरब्रिज की एक लेन का कार्य हुआ पूर्ण

झांसी ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कैलगुवां चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की एक लेन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जल्द ही इससे वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा ओर लोगों को नीचे लगने वाले जाम से छुटकारा मिल जाएगा। बृहस्पतिवार को राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, सदर विधायक, मंडलायुक्त व डीएम ने इस ब्रिज का निरीक्षण किया। बीते दिनों जनपद भ्रमण पर आए मंडलायुक्त ने कैलगुवां ओवरब्रिज का निरीक्षण करके कार्यदायी संस्था और अफसरों को 15 जनवरी तक काम पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए उन्होंने आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टों में हर दिन काम के लिए कहा था। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने भी काम जल्द निपटाने के निर्देश दिए थे।

जिसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों ने काम को तेज गति से निपटाना शुरू किया और 15 जनवरी बृहस्पतिवार तक इस ब्रिज का एक लेन वाहनों के आवागमन लायक बना दिया है। राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, सदर विधायक, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी एक साथ कैलगुवां ओवरब्रिज पर पहुंचे और इसके निर्माण कार्य का जायजा लिया। राज्यमंत्री ने कहा कि यह ओवरब्रिज काफी समय से अधूरा था, जिससे जिले में यातायात की समस्या उत्पन्न हो गई थी, जनता की समस्याओं का संज्ञान लेकर एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि वे निर्धारित समय में इस काम को पूरा करें, जिससे यातायात की समस्या दूर हो सके। अधिकारियों की मेहनत का नतीजा है कि आज यह ओवरब्रिज पूरा होने जा रहा है। सदर विधायक ने कहा कि पूर्व में ओवरब्रिज की धीमी प्रगति के कारण मंडलायुक्त ने और फिर उन्होंने जिलाधिकारी के साथ इसका निरीक्षण किया था, अधिकारियों को चेतावनी भी दी थी, जिसकी परिणिति यह रही कि आगामी दिनों में इस पर वाहन चलना शुरू हो जाएंगे। यह ललितपुर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धी होगी। इसके और शहजाद नदी के पुल के बन जाने से ललितपुर में जाम की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। मंडलायुक्त ने कहा कि आगामी कुछ ही दिनों में ओवरब्रिज पूरी तरह से तैयार होकर जनता की सेवा के लिए समर्पित हो जाएगा। इसके लिए उन्होंने जनपद के जनप्रतिनिधियों के प्रयासों वी एनएचएआई के अधिकारियों की दिन-रात की गई मेहनत की सराहना की। वहीं जिलाधिकारी ने कहा कि आज ओवरब्रिज के एक लेन का कार्य पूरा हो चुका है, आगामी दो से तीन दिनों में इसे ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा और जल्द ही दूसरी लेन का भी कार्य पूर्ण हो जायेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;