सारे दुखों का अन्त कर खुशियां लाएं यीशु राजा
Lalitpur News - फोटो- 1, 2 3, 4, 5कैप्सन- कलेक्ट्रेट के पास डॉन बास्को चर्च में बैठ प्रार्थना करते लोग, सेंट जॉन्स चर्च में प्रार्थना सभा को संबोधित करते पास्टर, इवेन
ललितपुर। बुधवार को क्रिसमस के मौके पर प्रभु यीशु का जन्मदिन उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। शहर स्थित विभिन्न चर्चों में प्रार्थना सभा हुई। जिसमें प्रभु के संदेश पढ़कर सुनाए गए। फिर गीतों और भजनों के साथ छोटे-छोटे ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी। आकर्षक परिधानों में सजे नौनिहाल सहित महिलाओं और पुरुषों ने खूब मस्ती की। ईसाई समुदाय के लोग देर रात्रि तक पर्व मनाते रहे। ईसाई धर्म के लोग क्रिसमस पर विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर पहले से ही तैयारी में जुट गए थे। गिरजाघरों संग घरो को रंगबिरंगी रोशनी झालरों से सजाया गया था। गिरजाघरों के भीतर आकर्षक सजावट की गयी थी। बुधवार सुबह सेंट जॉन्स चर्च में क्रिसमस के अवसर पर आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान पास्टर मोसिस सरकार ने बताया कि संसार के कल्याण, शांति और सभी के उद्धार को यीशु मसीह ने येरुशलम के बैतलेहम गांव की एक चरनी में जन्म लिया। यह बहुत खुशी का मौका है। हस सभी लोगों को प्रभु के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इसके बाद महिलाओं, पुरुषों और नौनिहालों ने मसीह गीत गाकर प्रभु को याद किया। बाद में केक काट एक दूसरे से गले मिलकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दी गयीं। उधर, आजादपुरा स्थित डैम रोड कालोनी के पास इवेंजेलिकल चर्च आफ इंडिया में ईसाई सहित तमाम समुदाय के लोग एकत्रित हुए। सबसे पहले यीशु मसीह की आराधना में गीत, भजन गाए गए। प्रार्थना सभा में पादरी किशोर मैथ्यूज ने कहा कि यीशु मसीह का जन्म ही सारे दुखों का अंत करके खुशियां लाया है। उन्होंने प्रभु की कृपा और करुणा से अवगत कराया। कलेक्ट्रेट के पास सेंट डान बास्को चर्च में फादर रोनाल्ड डिसूजा, फादर पीटर, फादर अल्बट, फादर एलखिस की उपस्थिति में बीती देर रात्रि 10 से कैरल सिंगिंग कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस दौरान भजन गीत गाए गए। रात्रि 12 बजे प्रभु का जन्म होते ही चर्च में घंटे बज उठे। दूसरे दिन सोमवार को सुबह 8.30 बजे प्रार्थना सभा हुई। जिसमें फादर ने बताया कि प्रभु ईशु का जन्म सारे जगत के कल्याण को हुआ है। इसीलिए हर तरफ उल्लास, आनंद का माहौल है। फिर प्रार्थना सभा में स्तुति और आराधना के माध्यम से प्रभु के प्रति आदर व सम्मान जताया गया। चर्च के बाहर प्रभु ईशु के जन्म से जुड़ी झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा एचबीएम हास्पिटल के भीतर आरई कैलवरी चर्च में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर इमानुएल मसीह ने प्रभु ईशु के वचन पढ़कर सुनाए। महिलाओं और पुरुषों ने भजन गीत गाकर प्रभु ईशु के प्रति अपनी श्रद्धा जताई।
छोटे-छोटे बच्चों को बांटे गए उपहार
ललितपुर। प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन पर ईसाई समुदाय के लोगों ने गरीबों और छोटे-छोटे बच्चों को उपहार बांटे और उनके साथ खुशियां साझा कीं। सेंटाक्लाज ने गिफ्ट देकर बच्चों की खुशियों को बढ़ाया। बड़े बुजुर्गों ने बच्चों को एक से बढ़कर एक उपहार भेंट किए। आकर्षक परिधानों में सजे छोटे-छोटे बच्चों ने लोगों का मन मोह लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।