Lalitpur News: भाइयों को बांधी राखीबुरे काम न करने का लिया वचन
Lalitpur News: ललितपुर में रक्षाबंधन पर जनपद कारागार में उत्सव का माहौल रहा। तीन सौ से अधिक बहनों ने अपने भाइयों से मुलाकात की और राखी बांधने के साथ सद्गुणों का संकल्प लिया। जेल प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कीं, जिससे बंदियों और उनके परिवारों के बीच भावनाएं प्रकट हुईं।

Lalitpur News: ललितपुर। शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पर जनपद कारागार एक उत्सवस्थल में तब्दील रहा। जेल प्रशासन की अगुवाई में तीन सौ से अधिक बहनों ने अपने भाइयों से मुलाकात की और राखी बांधने के साथ अच्छे कार्यों का उनसे संकल्प लिया। सुबह से ही मिलाई के लिए जेल के बाहर महिलाओं, बच्चों और पुरुषों की कतार लगी रही। जनपद कारागार में सैकड़ों पुरुष बंदियों के साथ महिलाए भी निरुद्ध हैं। रक्षा बंधन पर्व पर पुरुष व महिला बंदियों को राखी बांधने के लिए उनके परिजन आते हैं। इसलिए जेल प्रशासन ने जिला कारागार में सभी इंतजाम कर रखे थे। जिला कारागार में मुलाकात स्थल पर चटाई बिछाई गई थी।
इसके अलावा कुर्सियों और मेजों का भी इंतजाम किया गया था। राखी, अक्षत, रोली, मीठा, पानी, दीपक, अगरबत्ती, फूल माला आदि की भी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। भाइयों को राखी बांधने के लिए जेल के बाहर मुलाकातियों की लंबी लाइन शुक्रवार सुबह से ही लग गयी थी। निर्धारित औपचारिकताओं के बाद जेल प्रशासन ने 313 महिलाओं, 149 बच्चों और 08 पुरुषों की जेल में निरुद्ध 208 पुरुष और 11 महिला बंदियों की मुलाकात कराई गई। इस दौरान पुरुष बंदियों को उनकी बहनों ने बाकायादा रोली का टीका लगाकर राखी बांधी। फिर मिष्ठान खिलाकर उनको सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा जेल में निरुद्ध महिलाओं ने अपने भाइयों को राखी बांधकर उनसे रक्षा का वचन लिया। भाई बहनों के इस पर्व पर दिनभर भावनाएं हिलोरे मारती रहीं। मिलने खुशी आंखों से आंसू बनकर छलकती रही।


