मुर्गों की लड़ाई पर लाखों का दांव; बरेली के इस गांव के दूर-दूर तक चर्चे, लेकिन अचानक आ गई पुलिस
बरेली के भोजीपुरा में मुर्गों की लड़ाई पर लाखों रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मौके से 23 बाइक, एक स्कूटी, सात लड़ाकू मुर्गे और 2910 रुपये बरामद हुए। आरोपियों पर जुआ अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मुर्गों की लड़ाई पर लाखों रुपये का दांव लगाकर जुआ खेलने वाले गिरोह पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 24 दोपहिया वाहन, सात लड़ाकू मुर्गे और नकदी बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार भोजीपुरा के गांव सैदपुर प्यारे लाल स्थित एक बाग में लंबे समय से मुर्गों की लड़ाई आयोजित की जा रही थी। यहां हर महीने की एक और 15 तारीख को बड़े स्तर पर मुकाबले कराए जाते थे।
मुर्गों की लड़ाई पर लाखों का दांव
इन मुकाबलों पर जीत-हार का दांव लगाया जाता था, जिसमें बरेली के अलावा आसपास के कई जिलों से लोग भाग लेने पहुंचते थे। लोग अपने विशेष रूप से तैयार किए गए लड़ाकू मुर्गों को लेकर आते थे और उन पर बड़ी रकम का सट्टा लगाया जाता था। सोमवार को भी बाग में मुर्गों की लड़ाई और जुए का खेल चल रहा था। इसकी सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। कई लोग अपने वाहन छोड़कर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ लिया।
सात लड़ाकू मुर्गों समेत कैश बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शीशगढ़ के तिगरी निवासी मकसूद खां, भोजीपुरा के डहिया निवासी अख्तर खां, शेरगढ़ निवासी साजिद, प्रेमनगर की समाधि गौटिया निवासी पप्पू मौर्य, क्योलड़िया के मुड़िया चौधरी निवासी तेजपाल तथा बहराइच के नानपारा थाना क्षेत्र के टिपरी निवासी भुलइया के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 23 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, 2910 रुपये नकद और सात लड़ाकू मुर्गे बरामद किए। पुलिस अब आयोजन के मुख्य संचालक की तलाश में जुटी है।
दांव की रकम एक से 10 लाख तक पहुंच जाती
ग्रामीणों के मुताबिक सैदपुर प्यारे लाल गांव का एक व्यक्ति इस पूरे खेल का संचालन करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक मुकाबले में 30 से 40 लोग दांव लगाते हैं और कई बार रकम एक लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार लोगों की तलाश जारी है।
भोजीपुरा के गांव में लगता है दांव
आपको बता दें भोजीपुरा के गांव सैदपुर प्यारे लाल के एक बाग में लम्बे समय से मुर्गों की लड़ाई पर जीत-हार का दांव लगाकर जुआ होता था। हर महीने की एक और 15 तारीख को यहां होने वाली मुर्गों की लड़ाई के चर्चे दूर-दूर तक हैं। इसमें दांव लगाने के लिए बरेली समेत आसपास के अन्य जनपदों से लोग लड़ाकू मुर्गों को लेकर पहुंचते हैं। इसी तरह मुर्गों की लड़ाई में जीत-हार का दांव लगाने के लिए बड़ी तादात में लोग पहुंचते हैं।


