एक छत के नीचे गांवों के सबसे गरीबों को 22 योजनाओं का लाभ
Lakhimpur-khiri News - हर ग्राम पंचायत के 25 सबसे गरीब परिवारों को जीरोपावर्टी अभियान के तहत चिन्हित कर सरकार की योजनाओं का लाभ दिया गया। धौरहरा की ग्राम पंचायत हसनापुर में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को 22 योजनाओं से...

हर ग्राम पंचायत के सबसे गरीब 25 परिवारों को जीरोपावर्टी अभियान के तहत चिन्हित कर इनको सरकार की सभी योजनाओं का लाभ प्रमुखता से जोड़ा गया। सीडीओ अभिषेक कुमार की पहल पर धौरहरा की ग्राम पंचायत हसनापुर में आयोजित कार्यक्रम में एक ही छत के नीचे जीरो पावर्टी में शामिल प्रथम लाभार्थियों को 22 योजनाओं से लाभान्वित करते हुए प्रमाणपत्र बांटे गए। सीडीओ की इस पहल से गरीब परिवारों के चेहरे पर खुशी की लहर दिखी। धौरहरा ब्लाक की सभी 49 ग्राम पंचायतों में से हर ग्राम पंचायत के चिन्हित सबसे गरीब 25 परिवारों को योजनाओं का लाभ देने के लिए हसनापुर ग्राम पंचायत में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्राम पंचायत जुगनूपुर, चकलखीपुर, रामलोक और हसनापुर के 25-25 लाभार्थी परिवारों को कार्यक्रम में बुलाया गया। लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, उज्ज्वला कनेक्शन, किसान सम्मान निधि, आंगनबाड़ी पुष्टाहार, छात्र पंजीकरण, पाठ्यपुस्तक व ड्रेस वितरण, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, श्रमिक पंजीकरण, मनरेगा जॉबकार्ड, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, कौशल विकास मिशन, शौचालय निर्माण, बिजली कनेक्शन, जल जीवन मिशन, जननी सुरक्षा योजना व गोवंश संरक्षण योजना से लाभार्थियों को जोड़ा गया। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि जीरो पावर्टी में चिन्हित परिवार गांव के प्रथम लाभार्थी हैं। शासन के निर्देश पर इनको सभी योजनाओं से जोड़कर गरीबी रेखा से बाहर लाया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को गांवों में कैम्प आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। पीडी एसएन चौरसिया व बीडीओ संदीप कुमार तिवारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि हर ग्राम पंचायत के चिन्हित जीरो पावर्टी परिवारों को सभी योजनाओं से जोड़कर उनको गरीबी मुक्त किया जाएगा। इस दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी निधि देवी, नवल किशोर, धीरज को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




