फेशियल के पैसे न देने पर की गई महिला की हत्या
शहर के मोहल्ला निर्मल नगर में रहने वाली बबली की हत्या फेशियल के पैसे न देने के कारण की गई है। आरोपी ने उसके कान की बाली भी लूट...

लखीमपुर। शहर के मोहल्ला निर्मल नगर में रहने वाली बबली की हत्या फेशियल के पैसे न देने के कारण की गई है। आरोपी ने उसके कान की बाली भी लूट ली। पुलिस ने बेटी की तहरीर पर केस दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से महिला की बाली बरामद हुई है और पूछताछ में उसने अपना जुर्म में कबूल किया है। पुलिस आरोपी को जेल भेज रही है।
शहर के मोहल्ला निर्मल नगर में रहने वाली बबली के पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी बेटी के साथ अकेली रहती थी। महिला अक्सर फेशियल करवाने के लिए महेवागंज निवासी फैजान को बुलाती थी। फैजान की महेवागंज में सैलून है। बताया जाता है कि बबली ने गुरुवार को भी फैजान को फेशियल के लिए घर बुलाया। फैजान ने महिला का फेशियल किया। काम खत्म होने के बाद उसने अपने पैसे मांगे। महिला ने पैसे देने से मना कर दिया। इस पर उनमें विवाद हुआ। विवाद बढ़ा तो उनमें मारपीट हुई। आरोप है कि फैजान ने तकिए से महिला का मुंह दबाकर हत्या कर दी। महिला ने कान में सोने की बाली पहन रखी थी। आरोपी ने बाली लूट ली और भाग गया। पुलिस ने महिला के शव को उसके घर से ही बरामद किया है। सीओ सिटी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने बेटी तनिषा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में हत्या और लूट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने देर रात ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के पास से महिला की लूटी हुई बाली बरामद हुई है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज रही है।
