खेत विवाद में दो पक्षों में मारपीट, क्रॉस रिपोर्ट दर्ज
Lakhimpur-khiri News - गोला गोकर्णनाथ के ग्राम बेहटा में खेत विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें महिला सहित कई लोग घायल हुए। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने बांस काटने पर हमला किया, जबकि दूसरे पक्ष ने अपनी रक्षा में जवाबी कार्रवाई का दावा किया। पुलिस ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।

गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेहटा में खेत विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिला सहित कई लोग घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है और पुलिस ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष की ओर से कुसुम देवी पत्नी राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि 9 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे लक्ष्मीनगर कॉलोनी निवासी राकेश कुमार, विजेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार और अमन कुमार उनके घर पहुंचे और खेत में लगे बांस को जबरन काटने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों, लाठी-डंडों और लोहे के भाले से हमला कर दिया।
इस हमले में कुसुम देवी, उनके पति राजेश कुमार और पुत्र अभिषेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अमन कुमार जान से मारने की धमकी दे रहा था। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अमन कुमार अवस्थी एडवोकेट पुत्र राकेश कुमार अवस्थी ने तहरीर देकर बताया कि वह सुबह करीब 10:30 बजे तहसील जा रहे थे, तभी गांव बेहटा के पास राजेश कुमार, कुसुम देवी, अभिषेक अवस्थी और अनीशा अवस्थी बांस काट रहे थे। मना करने पर विपक्षी आक्रामक हो गए और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई बृजेंद्र अवस्थी को भी बेरहमी से पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


