बाइक सवार दंपति को पिकअप ने मारी टक्कर, महिला की मौत
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में सोमवार को एक सड़क हादसे में एक दंपति को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। पत्नी गुड्डी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दवा लेने जा रहे थे। पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लखीमपुर। थाना पसगवां क्षेत्र में सोमवार दोपहर को सड़क हादसा हो गया, जिसमें दवाई लेने जा रहे दंपति को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। जनपद हरदोई के थाना पिहानी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वाजिद नगर निवासी राजू पुत्र अशरफ अली अपनी पत्नी गुड्डी के साथ बाइक से शाहजहांपुर दवा लेने जा रहे थे। जैसे ही वे पसगवां क्षेत्र के पनई चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार व अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। राहगीरों व स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गुड्डी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजू की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पसगवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार हो गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


