बाइकों की टक्कर में जख्मी युवक की लखनऊ में मौत
Lakhimpur-khiri News - दो हफ्ते पहले रकेहटी में बाइक टकराने से घायल युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। करन और उसके साथी राही की बाइक एक अन्य बाइक से टकराई थी। राही का परिवार उसके निधन से दुखी है, क्योंकि वह घर का मुख्य सहारा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो हफ्ते पहले रकेहटी के पश्चिम हाइवे पर रात के समय दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में घायल हुए एक युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसका वहां तभी से इलाज चल रहा था। उसकी मौत से उसके घर में कोहराम मच गया। बारह फरवरी की रात रकेहटी निवासी करन सिंगाही थाने के खैरीगढ़ गांव के अपने 21 वर्षीय साथी राही के साथ बाइक से डीजल लेने पेट्रोल पंप पर निघासन की तरफ जा रहा था। रकेहटी कस्बे के पश्चिम बाहर निकलते ही जिंदबाबा मजार के पास सामने से आ रही रकेहटी के ही राहुल की बाइक और करन की बाइक आमने-सामने से टकरा गई थीं।
टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए थे। निघासन सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद राहुल और राही को जिला अस्पताल लखीमपुर भेज दिया गया। बाद में राही को लखीमपुर से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया। वहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। राही के पिता चन्नूलाल ने बताया कि उसके मजदूरीपेशा परिवार में राही सबसे बड़ा था। वह मेहनत-मजदूरी करके घर का खर्च चलाता था। वही 18 वर्षीय छोटे भाई छोटू और 15 वर्षीया बहन मीनाक्षी सहित पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। कोतवाल ने बताया कि हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी होने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


