Lakhimpur Khiri News: बिजली लाइन के तार से लगा करंट, बच्ची की मौत
Lakhimpur Khiri News: औरंगाबाद/मैगलगंज में खूंटी बुजुर्ग गांव में 7 साल की बच्ची गोल्डी की एलटी लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव वालों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के आरोपियों के खिलाफ ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है।

Lakhimpur Khiri News: औरंगाबाद/मैगलगंज। मैगलगंज क्षेत्र के खूंटी बुजुर्ग गांव में एलटी लाइन की चपेट में आने से सात साल की बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में सालिकराम के मकान के सामने बुधवार सुबह करीब 10 बजे एलटी लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया था। इसकी सूचना तत्काल संविदा लाइनमैन श्याम सिंह को दी गई थी। आरोप है कि सूचना के बावजूद न तो बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और न ही लाइनमैन मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि दोपहर एक बजे भी दोबारा सूचना दी गई, लेकिन इसके बाद भी टूटे तार को नहीं हटाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो बजे बिना तार जोड़े ही बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। इसी दौरान लालाराम पुत्र करुणा शंकर की सात वर्षीय पुत्री गोल्डी सड़क से दुकान की ओर जा रही थी। तभी टूटे तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आते ही वह वहीं गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई。
सूचना के बाद भी कार्रवाई न होने पर सवाल
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लाइनमैन श्याम सिंह, जेई राजू सागर व ड्यूटी पर तैनात एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती तो हादसा टाला जा सकता था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।

