कमरे में रखा था कागज-कलम, सुसाइड नोट लिखना चाहती थीं मां-बेटियां
Lakhimpur-khiri News - संसारपुर के काकोरी गांव में मां और दो बेटियों ने आत्महत्या का प्रयास किया। फूलकुमारी और निमिषा की मौत हो गई, जबकि कंचन गंभीर अवस्था में है। परिवार में तनाव और झगड़ों के कारण यह घटना हुई। मृतक के बेटे की दिसंबर में सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में था।

संसारपुर, संवाददाता। थाना मैलानी की संसारपुर चौकी के अंतर्गत काकोरी गांव में शुक्रवार की दोपहर हुई घटना को लेकर पूरा गांव सकते में है। बताया जाता है कि जिस कमरे में दोनों मां-बेटी लटकी मिलीं। वहां एक सादा कागज और पेन भी रखा था। आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से पहले उन्होंने सुसाइड नोट लिखने की कोशिश की होगी। पुलिस ने मौके से बरामद कागज, पेन भी जब्त कर लिया है। मैलानी थाना क्षेत्र के काकोरी गांव निवासी बिजेंद्र शर्मा की 50 वर्षीय पत्नी फूलकुमारी ने घर के सामने बने मकान के कमरे में पंखे से और उनकी 24 वर्षीय बेटी कंचन शर्मा व 19 वर्षीय बेटी निमिषा ने उसके पीछे बने कमरे में बल्ली में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की।
फंदा लगाने से पहले तीनों मां बेटी ने जहरीला पदार्थ भी खाया। इस घटना में आए दिन सास-बहू से झगड़े की बात सामने आ रही है। आसपास के लोग कमरे में पहुंचे तो फूलकुमारी और निमिषा रस्सी से कमरे में लटके हुए थे और कंचन नीचे जमीन पर तड़प रही थी। जिस कमरे में फूलकुमारी लटकीं हुई थीं, वहां तख्त पर एक सादा कागज और पेन रखे हुए थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि आत्महत्या करने से पहले मां या बेटियों में से किसी ने कुछ लिखने का प्रयास किया होगा लेकिन कुछ लिख नही पाई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आनन फानन में तीनों को गोला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फूलकुमारी और निमिषा को मृत घोषित कर दिया और कंचन की सांस चलती होने के कारण जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। इस घटना से गांव वाले हतप्रभ रह गए। खास बात है कि पुलिस को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। पुलिस को गोला सीएचसी से मालूम चला कि काकोरी गांव की तीन महिलाएं अस्पताल लाई गई हैं। घटना की सूचना पर मयफोर्स पहुंचे चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह यादव ने आसपास व परिवारी जनों ने घटना से सम्बंधित जानकारी ली तथा मौके से तमाम साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस घटना से सम्बंधित तमाम पहलुओं पर जांच कर रही है। चार दिसंबर को हुई थी युवा बेटे की मौत, डिप्रेशन में रहता था परिवार गोला गोकर्णनाथ, संवाददाता। बताया जा रहा है कि बीते 4 दिसंबर को पूरनपुर रोड पर कजरी के पास एक सड़क दुर्घटना में विजेंद्र कुमार के बड़े पुत्र पवन कुमार की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में था। शुक्रवार को हुई घटना के समय घर पर मृतक पवन की पत्नी, उसके दो छोटे बच्चे, मां फूल कुमारी और दोनों बहने मौजूद थीं, जबकि विजेंद्र कुमार और उनका छोटा बेटा आशीष भरिगवां स्थित आटा चक्की पर गया था। -------------------------------------- पोस्टमार्टम को लेकर गहराया था पारिवारिक विवाद- -परिजनों के अनुसार पवन कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। विजेंद्र कुमार का कहना था कि वह परिवार की जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं, जबकि मृतक की पत्नी व अन्य लोगों का आरोप था कि पोस्टमार्टम होने पर दुर्घटना बीमा, कृषक बीमा व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता था। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। बाक्स कहासुनी के बाद उठा खौफनाक कदम -बताया जाता है कि शुक्रवार को मृतक पुत्र की पत्नी और उसकी मां-बहनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान फूल कुमारी ने जहरीला पदार्थ उठा लिया। उन्हें रोकने के प्रयास में बड़ी पुत्री कंचन ने जहर छीनकर खुद पी लिया। यह देख छोटी पुत्री निमिषा ने भी वही कदम उठा लिया। हालांकि अब तक यह साफ नहीं है कि जहर पीने के बाद फूल कुमारी और निमिषा से फंदा क्यों लगाया। यह तथ्य पुलिस के माथे पर भी बल डाल रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। बाक्स शादी से पहले मातम में बदला घर- -जहर खाने वाली कंचन देवी का विवाह आगामी 25 मार्च को होना तय था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिजन जहां दो मौतों के सदमे में हैं, वहीं कंचन की हालत को लेकर चिंतित हैं। बाक्स अस्पताल परिसर में भी हुआ विवाद- -घटना के बाद सीएचसी परिसर में परिजनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। बताया जाता है कि विजेंद्र के साढ़ू के हस्तक्षेप को लेकर विवाद गहरा गया और हाथापाई की नौबत आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेजा गया है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। सीओ रमेश कुमार तिवारी का कहना है कि परिजन फांसी लगना बता रहे हैं। हर पहलू की जांच की जा रही है। पहले बेटा, फिर मां-बेटी की मौत से टूटा परिवार गोला गोकर्णनाथ, संवाददाता। मैलानी थाना क्षेत्र के काकोरी गांव में घटी घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, आज वहीं सन्नाटा और सिसकियां गूंज रही हैं। परिवार की बड़ी बेटी कंचन देवी का विवाह आगामी 25 मार्च को तय था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों को निमंत्रण देने और खरीदारी की चर्चाएं हो रही थीं। लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम ने सारी तैयारियों पर विराम लगा दिया। ग्रामीणों के अनुसार बड़े बेटे पवन कुमार की दिसंबर में हुई सड़क दुर्घटना में मौत के बाद से ही परिवार सदमे में था। आर्थिक और मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा था। घर के भीतर मतभेद भी सामने आने लगे थे। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि यह संदेश भी है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक मतभेदों को समय रहते सुलझाना कितना जरूरी है। भाई से शिकायत और पत्नी का मोबाइल छीनना भी बना वजह! संसारपुर, संवाददाता। मैलानी थाना क्षेत्र के काकोरी गांव में शुक्रवार की सुबह मां और बेटी की आत्महत्या के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में तरह तरह की चर्चाएं होने लगी। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना एकदम हतप्रभ रह गया। संसारपुर चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह यादव ने मृतका फूलकुमारी के ससुर से बात की तो उन्होंने बताया कि आए दिन सास फूलकुमारी और उनकी विधवा पुत्र बहू किरन में आपस मे कहासुनी होती रहती थी। इन दोनों के चक्कर मे पूरा घर गृह क्लेश का शिकार हो गया था। दोनों शुक्रवार की सुबह अपने अपने मायके में झगड़े को लेकर फोन पर बात कर रही थीं कि बिजेंद्र ने बहू किरन और अपनी पत्नी फूलकुमारी का मोबाइल छीनकर अपने पास रख लिया और अपने साले से काकोरी आकर अपनी बहन व उनकी पत्नी को समझाने की बात कही। दोनों के मोबाइल अपने पास रखकर बिजेंद्र घर से चले गए। अंदेशा यह भी है कि फूलकुमारी को पति का उनके भाई से शिकायत करना नागवार गुजर गया। बाक्स विधवा बहू के घर रहने पर था विवाद संसारपुर। मृतका के छोटे बेटे आशीष ने बताया कि उनके भाई पवन शर्मा की सड़क हादसे में मौत हो जाने के बाद उनकी मां फूलकुमारी और बहन कंचन व निमिषा का उसकी विधवा भाभी किरन के बीच विवाद था। यह सब लोग आए दिन लड़ाई झगड़ा करते रहते थे। वह खुद और उसके पिता चाहते थे कि उनकी किरन और उसके छोटे छोटे बच्चे उसी के साथ रहें। वह दो दिन पहले घर से गोला किसी रिश्तेदारी में चला गया था और आज उसे यह सूचना मिली। दूसरी बेटी की भी तय कर दी थी शादी, बाद में हो गई थी मना संसारपुर। मैलानी थाना क्षेत्र के काकोरी निवासी बिजेंद्र शर्मा ने अपनी दूसरी बेटी कंचन शर्मा की शादी रम्हापुर थाना हैदराबाद से तय कर दी थी। दो महीने पहले उसका रोका और सगाई भी हो गई थी लेकिन उनकी पत्नी फूलकुमारी को यह रिश्ता मंजूर नही था। पत्नी की जिद के बाद बिजेंद्र शर्मा ने बेटी कंचन का तय किया हुआ रिश्ता खत्म कर दिया था। जिसके बाद विजेन्द्र शर्मा अपनी बेटी कंचन के लिए कहीं और लड़का तलाश कर रहे थे। लेकिन उससे पहले ही इस घटना ने विजेन्द्र शर्मा को अंदर से तोड़कर रख दिया। मौजदा ग्राम पंचायत सदस्य है कंचन अपनी मां फूलकुमारी और बहन निमिषा के साथ जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली कंचन ब्लॉक बांकेगंज की ग्राम पंचायत काकोरी की ग्राम पंचायत सदस्य भी है। ग्राम प्रधान नीलम देवी ने अपने साथ कंचन देवी को ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य समिति का अध्यक्ष भी बनाया था। जिसका निर्वहन कंचन अच्छे से कर रही थी। गांव में पसरा मातम हर तरफ सन्नाटा -शुक्रवार को काकोरी गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम सा छा गया। लोगों में मायूसी छा गई। गांव की हर गलियों में सन्नाटा पसर गया। ज्यादातर लोगों के चेहरे गमजदा दिखाई दिए। उधर गांव की गलियों में पुलिस के सायरन की आवाज सुनाई लगातार गूंजती रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


