लखीमपुर में शादी समारोह से लौट रहे लोगों की कार शारदा नहर में गिरी, बहराइच के पांच लोगों की मौत
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर खीरी में एक शादी समारोह से लौटते समय कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में गिर गई। हादसे में कार में सवार छह लोगों में से पांच की मौत हो गई, जबकि एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी मृतक बहराइच के निवासी थे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे पर मंगलवार की रात दो बजे दर्दनाक हादसा हो गया। किसी शादी समारोह से लौट रहे लोगों की कार अचानक अनियंत्रित होकर शारदा नहर में जा गिरी। कार में कुल छह लोग सवार थे। जब तक कार को नहर से निकाला गया, तब तक पांच की मौत हो गई थी। सभी मरने वाले पड़ोसी जिले बहराइच के निवासी हैं। सिर्फ कार चालक बच सका, उसे इलाज के लिए सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है। पढ़ुआ थाने के प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात को ही ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया था।
मृतकों की पहचान घाघरा बैराज, थाना सुजौली, जिला बहराइच निवासी जितेंद्र पुत्र विपिन बिहारी, यहीं के घनश्याम पुत्र बल्लू, सिसियन पुरवा, थाना सुजौली, जिला बहराइच निवासी लालजी पुत्र मेवा लाल, रामवृक्ष पुरवा, थाना सुजौली, जिला बहराइच निवासी सुरेंद्र पुत्र विशोसर के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की पहचान अजीमुल्ला निवासी गिरिजापुरी बहराइच के रूप में हुई है।कार चालक बबलू पुत्र राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमिया बेहड़ में भर्ती कराया गया है, वहां से जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि ये सभी लोग लखीमपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




