जागरुकता अभियान के दौरान बांटे गए हेलमेट
गोला गोकर्णनाथ में कोतवाली के सामने यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी और पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे चालकों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और हेलमेट पहनने के महत्व पर जोर दिया।

गोला गोकर्णनाथ। शहर में कोतवाली के सामने यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी एवं पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे चालकों को हेलमेट वितरित किए और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने कहा कि जीवन की सुरक्षा हमारे अपने हाथ में है, इसलिए घर से निकलते समय हमेशा हेलमेट पहनना चाहिए और सभी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने भी लोगों से हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं कभी भी और कहीं भी हो सकती हैं और हर वर्ष हजारों लोगों की जान केवल हेलमेट न पहनने के कारण चली जाती है।
उन्होंने हाल ही में बाकेगंज में हुए एक सड़क हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि मृतक शिक्षकों ने हेलमेट पहना होता तो शायद वे आज अपने परिवार के बीच होते। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को बाइक चलाने की अनुमति न दें। इस मौके पर टीएसआई युगेन्द्र प्रताप सिंह, रविंद्र कटियार, शत्रोहन मिश्रा, लवकुश सहित कई लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


