गोला वन रेंज में मिला बाघ का शव
Lakhimpur-khiri News - गोला वन रेंज में सोमवार को एक नर बाघ का शव मिला, जिससे हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम और डीएफओ तपस मिहिर मौके पर पहुंचे। बाघ की उम्र लगभग 7 से 8 वर्ष है और शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का पता चलेगा।

गोला गोकर्णनाथ, संवाददाता। दक्षिण खीरी वन प्रभाग की गोला वन रेंज में सोमवार को एक नर बाघ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ तपस मिहिर भी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोमवार को गोला वन रेंज की पश्चिमी बीट अंतर्गत इमलिया गांव के पास सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर निकले तो गन्ने के खेत में बाघ को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही रेंजर संजीव कुमार तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बाघ का शव सत्येंद्र पुत्र श्रीकृष्ण के खेत में मिला बताया जा रहा है। रेंजर संजीव तिवारी ने बताया कि मृत बाघ की उम्र लगभग 7 से 8 वर्ष आंकी जा रही है। प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बाघ की मृत्यु स्वाभाविक कारणों से हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। डीएफओ के निर्देश पर पोस्टमार्टम के लिए विशेषज्ञों का पैनल गठित किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए आईवीआरआई भेजा जाएगा, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



