दुधवा: कहां से आए बाघ के दांत और नाखून, सुरक्षा पर उठे सवाल
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में दो शिकारियों से बाघ के पांच दांत और तीन नाखून बरामद हुए। 24 घंटे बाद भी यह पता नहीं चल पाया कि ये अंग किस बाघ के हैं। इस घटना ने टाइगर रिजर्व की सुरक्षा...

लखीमपुर। एक दिन पहले दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन क्षेत्र में पकड़े गए दो शिकारियों के पास से बाघ के पांच दांत और तीन नाखून बरामद हुए थे। 24 घंटे बीतने के बाद भी विभाग यह नहीं जान पाया है कि ये अंग किस बाघ के थे? उसका शिकार हुआ था या मामला कुछ और है। इन्हीं सवालों के साथ दुधवा टाइगर रिजर्व में सुरक्षा पर भी प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं। दुधवा क्षेत्र में बाघों की सुरक्षा के खास बंदोबस्त हैं। टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए खुला हो या बंद हो,जंगल के अंदर कोई घुस नहीं सकता। सभी बैरियरों पर दिन-रात पहरा रहता है। यही नहीं, कैमरों से भी निगरानी होती है। इस वजह से इस क्षेत्र में शिकार जैसी किसी संभावना की बात नहीं होती। सुरक्षा और बेहतर माहौल की वजह से बाघों की संख्या में लगातार इजाफा भी हुआ है। पर शनिवार को दो शिकारियों के पास से बाघ के अंग (नाखून व दांत) बरामद होने से चिंता बढ़ गई है। यूपीएसटीएफ बरेली यूनिट और दुधवा की टीम ने बरामदगी की। पर 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक यह राज नहीं खुला है कि शिकारियों को ये दांत और नाखून कहां से मिले?
कोई गैंग तो नहीं सक्रिय
इस बात की भी जांच हो रही है कि अवैध तस्करी करने वाला कोई गैंग तो सक्रिय नहीं हो गया। वजह है कि जिन दो लोगों को दबोचा गया, वे ग्रामीण थे। तलाशी में उनके कब्जे से की पैड वाले फोन और 350 रुपए मिले। ऐसे में शक यह भी है कि कहीं इन लोगों से यह काम कोई गैंग तो नहीं करा रहा। पर वन विभाग पूछताछ में यह राज नहीं खुल सका है।
बाघों की मौत की सात माह से सूचना नहीं
दुधवा और दक्षिण खीरी इलाके में सात माह से किसी भी बाघ, बाघिन या शावक की मौत की सूचना नहीं है। मार्च में दक्षिण खीरी के महेशपुर वन रेंज में एक बाघिन का शव मिला था। उसके सभी अंग सुरक्षित पाए गए थे। इससे पहले भी जब बाघों के शव मिले तो सभी अंग सुरक्षित ही थे।
पूछताछ में बहुत सी बातें स्पष्ट नहीं हो सकीं। अब आरोपियों की हम रिमांड लेंगे और पूछताछ करेंगे कि उनको ये अंग कहां से मिले थे और वे किसे देने जा रहे थे।
- ललित वर्मा, एफडी दुधवा
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


