शिकार को जबड़े में दबाए सैलानियों को हुआ बाघ का दीदार
Lakhimpur-khiri News - दुधवा में नए साल के दौरान सैलानियों की भीड़ लगी हुई है। एक बाघ ने शिकार करते हुए सैलानियों को रोमांचित किया। उनकी जिप्सी के पास बाघ का यह दृश्य सैलानियों ने अपने कैमरों में कैद किया। दुधवा टाइगर...

पलियाकलां। नए साल को लेकर दुधवा में इन दिनों सैलानियों का जमावड़ा लगा हुआ है। बाघ भी दुधवा पहुंच रहे सैलानियों को निराश जाने नहीं दे रहा है। दुधवा जंगल सफारी को पहुंचे सैलानी तब रोमांचित हो उठे जब उनकी जिप्सी से कुछ दूरी पर आगे एक बाघ अपने शिकार को जबड़े में दवाए जाता हुआ दिखाई दिया। इस दृश्य को सैलानियों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। सोशल मीडिया पर भी शिकार के साथ बाघ का फोटो शेयर किया गया है। दुधवा टाइगर रिजर्व में हर साल क्रिसमस से लेकर नव वर्ष तक सैलानियों की खासा भीड़ उमड़ती है। इस बार भी नव वर्ष के स्वागत को लेकर दुधवा सैलानियों से फुल है। बताया जाता है कि एक जनवरी तक आनलाइन बुकिंग फुल चल रही है। दुधवा पहुंचकर दुर्लभ वन्य जीवों के दीदार करने के लिए विभिन्न शहरों से सैलानियों की भीड़ दुधवा में मौजूद हैं साथ ही वीआईपी भी दुधवा की सुंदरता का आनंद ले रहे हैं। दुधवा और किशनपुर में दोनों शिफ्ट सैलानियों से फुल जा रही हैं, कुछ सैलानियों को तो अपने नम्बर के लिए इंतजार भी करना पड़ रहा है। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई। फोटो सुबह दुधवा जंगल सफारी के दौरान की बताई जा रही है। फोटो में एक बाघ अपने शिकार को जबड़े में दवाए सैलानियों की जिप्सी के आगे चलता दिखाई दिया। सैलानियों ने भी इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल और कैमरे में कैद कर लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।