विद्यालय में नकब लगाकर मिड-डे मील का राशन चोरी
Lakhimpur-khiri News - नीमगाँव थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर घुंशी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने रात में दीवार तोड़कर मिड-डे मील का राशन चुरा लिया। चोरों ने एक कुंतल चावल और एक कुंतल गेहूं चोरी किया। प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचित किया, और जांच शुरू कर दी गई है।

नीमगाँव थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर घुंशी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने नकब लगाकर मिड-डे मील का राशन चोरी कर लिया। चोर स्कूल के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और कमरे में रखा करीब दो कुंतल खाद्यान्न उठा ले गए। प्रधानाचार्य विवेक कुमार ने बताया कि रात में चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाई और कमरे में रखा लगभग एक कुंतल चावल व एक कुंतल गेहूं चोरी कर लिया। यह राशन मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों के लिए रखा गया था। सुबह जब विद्यालय खुला तो कमरे का ताला सही मिला, लेकिन पीछे की दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखा दो बोरी चावल व दो बोरी गेहूं गायब था।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची सिकंदराबाद चौकी पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रधानाचार्य ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकी इंचार्ज बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


