ताले तोड़ कर लाखों का माल समेट ले गए चोर
गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला ईदगाह में चोरों ने एक घर में लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। परिवार एक शादी समारोह में गया था। घर लौटने पर भाई ने देखा कि ताले टूटे हैं और सामान बिखरा हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू की है।

गोला गोकर्णनाथ। शहर के मोहल्ला ईदगाह में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मोहल्ला ईदगाह निवासी शोबीन के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे परिवार के सभी सदस्य गढ़ी मोहल्ले में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनका भाई दुकान से घर पहुंचा तो देखा कि घर के सभी ताले टूटे पड़े हैं और सामान बिखरा हुआ है। उसने तत्काल परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी व अन्य ताले टूटे हुए थे।
चोर सोने का हार, मांगटीका, एक जोड़ी झुमकी, एक सोने की अंगूठी और करीब 50 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि चोरी की घटना हुई है लेकिन महज 15 मिनट के भीतर इतनी बड़ी चोरी होना संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि घर में चांदी का सामान पड़ा हुआ मिला है जबकि कुछ सोने के जेवर गायब हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


