
मेन रोड की दुकान के शटर का ताला काटकर चोरी, सामान समेत चोर गिरफ्तार
Lakhimpur-khiri News - मंगलवार रात एक युवक ने पलिया रोड की किराना दुकान में चोरी की। उसने ताला काटकर गल्ले से पैसे और रेजगारी चुराई। सीसीटीवी में उसकी हरकत कैद हो गई। युवक ने बताया कि उसके गांव में बाढ़ से उसका बेटा बीमार...
मंगलवार रात कस्बे की पलिया रोड की एक किराना दुकान में शटर का ताला काटकर घुसे युवक ने गल्ले में रखी रेजगारी और रुपए चोरी कर लिए। उसने मुंह पर रूमाल बांध रखा था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसे देखा गया। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के कुछ समय बाद ही उसको गिरफ्तार कर लिया। निघासन-पलिया स्टेट हाइवे पर पलिया बस अड्डे के पास अवधेश चौबिया की किराना की दुकान है। मंगलवार रात करीब पौने तीन बजे एक युवक ने सड़क की तरफ लगे शटर का एक तरफ का ताला काट दिया और काउंटर फांदकर दुकान में घुस गया।
चोर युवक ने मुंह पर रूमाल बांध रखा था जिससे यह स्पष्ट था कि उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे आदि का पहले से पता कर लिया था। अवधेश के मुताबिक युवक ने वहां ज्यादा कुछ नहीं देखा। महज पांच मिनट अंदर रुके युवक ने केवल गल्ले में रखे कुछ नकद रुपए और रेजगारी निकाल ली तथा दो लीटर की रिफाइंड तेल की एक पिपिया उठा ली। इसके बाद वह निकल गया। बाढ़ में फंसे बीमार बेटे के लिए की चोरी -अवधेश की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि चोरी करने वाले युवक जीतपुरवा निवासी दुर्गेश ने बताया कि बाढ़ प्रभावित उसके गांव में उसका दो साल का बेटा सख्त बीमार है। उसके इलाज के लिए ही उसने चोरी की। उधर चोर की सारी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें चोर दुकानदार की कुर्सी पर बैठकर थैली में रेजगारी और रुपए भरता दिख रहा है। हैरत की बात यह रही युवक ने आरी से ताला काटा और मेन रोड के पास रहने वाले लोग नहीं जागे और न गश्त करते घूमते पुलिसवालों को पता चला। सुबह दुकानदार अवधेश चौबिया को चोरी का पता चला। उसकी सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने फुटेज के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी को रेजगारी और तेल की पिपिया समेत पकड़ लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




