डॉ. आरपी को विवेक भारती और पवन करे विवेक श्री उपाधि
Lakhimpur-khiri News - स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सोमवार रात स्वामी विवेकानंद बाल उद्यान में स्मृति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर साहित्य, कविता और पत्रकारिता में योगदान देने वाले साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अखिलेश निगम ने स्वामी विवेकानंद के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

गोला गोकर्णनाथ,संवाददाता। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर स्वामी विवेकानंद बाल उद्यान में सोमवार रात स्मृति सम्मान समारोह किया गया। इस अवसर पर साहित्य, कविता एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय भाषा संस्थान सूरत (गुजरात) के अध्यक्ष डॉ. गंगा प्रसाद शर्मा गुणेश्वर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अपराध अनुसंधान विभाग लखनऊ के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. अखिलेश निगम (आईपीएस) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विजय शुक्ला रिकू मौजूद रहे। सम्मान समारोह में सहारनपुर के प्रसिद्ध बाल साहित्यकार डॉ. आरपी सारस्वत को ‘विवेक भारती’ मानद उपाधि से अलंकृत किया गया।
गोला-झांसी के कवि पवन गुप्त तूफान को ‘विवेक श्री’ मानद उपाधि प्रदान की गई। लखनऊ की नीता निगम को भावनी निवेदिता सम्मान और सचिन शर्मा को पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अखिलेश निगम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी समाज और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि साहित्य और पत्रकारिता समाज का आईना होती है और इन क्षेत्रों में कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनता है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. गंगा प्रसाद शर्मा ‘गुणेश्वर’ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में साहित्यकारों और पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशिष्ट अतिथि विजय शुक्ला रिकू ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नगर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त होती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




