जिले में पहुंचे शिवपाल यादव, सपा नेताओं रहे बेखबर
सपा सरकार के पूर्व मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव शनिवार को जिले में होकर निकले। इस दौरान वह मैगलगंज में एक जगह रुके भी और कुछ लोगों से बात भी...
सपा सरकार के पूर्व मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव शनिवार को जिले में होकर निकले। इस दौरान वह मैगलगंज में एक जगह रुके भी और कुछ लोगों से बात भी की। लेकिन इसकी भनक जिले के सपा नेताओं को नहीं लगी। कोई भी उनके स्वागत के लिए नहीं पहुंचा और न ही कोई उनसे मिला। कुछ देर रुकने के बाद शिवपाल यादव लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मैगलगंज के ग्राम रहजनिया स्थित जेपी फिलिंग स्टेशन पर शनिवार को अचानक सपा सरकार के पूर्व मंत्री शिवपाल यादव पहुंच गए। वह शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे थे। वहां मौजूद कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त हो चुकी है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है।
साथ ही साथ थाने व तहसील में जमकर वसूली हो रही है। यही नहीं शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो शिक्षामित्र व अनुदेशकों के लिए कुछ अच्छा सोचा जाएगा और उनको रोजगार से जोड़ा जाएगा। लेकिन उधर हैरत की बात यह है कि शिवपाल यादव जिले से निकले और एक जगह रुक कर कुछ कार्यकर्ताओं से मिले और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत भी किया। लेकिन इसकी भनक जिले के बड़े सपा नेताओं को नहीं लगी। कोई भी उनके स्वागत को नहीं पहुंचा और न ही उनसे कोई मिला। इस दौरान पूर्व विधायक राजेश यादव, विनोद यादव, प्रवीण यादव, मनोज यादव, छविनाश सिंह, शरद यादव एडवोकेट, अशोक कुमार, डॉ आलोक विश्वकर्मा, रोमी गुप्ता समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।