Lakhimpur Khiri News: गांव से 100 मीटर दूर रह गई शारदा नदी
Lakhimpur Khiri News: ग्राम पंचायत गुजारा के सिंघिया एहतिमाली और गैर एहतिमाली में शारदा नदी का कटान जारी है। नदी तेज़ी से खेतों और जमीन को काट रही है। ग्रामीणों को चिंता है कि अगर यह कटान जारी रहा तो नदी उनके घर के करीब पहुंच जाएगी। प्रशासन से कटान रोकने की मांग की जा रही है।

Lakhimpur Khiri News: बिजुआ। ग्राम पंचायत गुजारा के मजरा सिंघिया एहतिमाली और सिंघिया गैर एहतिमाली में शारदा नदी का कटान जारी है। नदी की तेज धारा प्रतिदिन खेतों और जमीन को अपने आगोश में ले रही है। नदी गांव से सिर्फ 100 मीटर दूर है। चिंताजनक बात यह है कि शारदा नदी का कटान अब ग्राम प्रधान सतनाम सिंह के घर के बेहद करीब पहुंच गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि इसी गति से कटान जारी रहा तो अगले कुछ समय में नदी उनके घर तक पहुंच सकती है, जिससे उनके सामने अपना आशियाना बचाने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कटान केवल जमीन ही नहीं, बल्कि लोगों की वर्षों की मेहनत और भविष्य को भी प्रभावित कर रहा है।
खेतों के बाद अब घरों पर मंडराते संकट से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वे लगातार प्रशासन से कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। तहसीलदार सदर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लेखपाल राकेश शुक्ला मौके पर पहुंचकर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज रहे हैं।


