Lakhimpur Khiri News: जलभराव से त्रस्त पटेल नगर के लोगों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर में तीन दिन की तेज बारिश के बाद पटेल नगर क्षेत्र में जलभराव विकराल हो गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका ने उनकी समस्याओं की अनदेखी की है। प्रदर्शन करते हुए कई निवासी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन डीएम ने उनकी बातें सुनी बिना ही छोड़ दिया। लोग अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दे रहे हैं।
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर। तीन दिन में हुई तेज बारिश के बाद पटेल नगर इलाके में हालात बद से बदतर हो गए हैं। पूरे क्षेत्र में भीषण जलभराव के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। घरों के बाहर गंदा पानी जमा होने से लोगों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों का सीधा आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन ने उनकी समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया है। कई बार गुहार लगाने के बावजूद जलनिकासी का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया। नगर पालिका की अनदेखी से नाराज पटेल नगर के दर्जनों निवासी सोमवार को लामबंद होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपना चाहते थे। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिलाधिकारी ने उनकी बात सुनने के बजाय बिना कोई समस्या सुने सीधे अपनी कार में बैठकर रवाना हो गए। अधिकारियों के इस उदासीन रवैये से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक क्षेत्र से पानी की निकासी नहीं होती और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, वे चुप नहीं बैठेंगे। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को विवश होंगे।


