लखीमपुर में तेज आंधी के साथ भारी बारिश, बिजली गुल
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में सोमवार सुबह 6 बजे से तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू हुई। इससे शहर की गतिविधियां रुक गईं और ग्रामीण इलाकों में किसानों को भारी नुकसान हुआ। दिन में भी अंधेरा छा गया, जिससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई। भारी जलभराव के कारण लोग परेशान रहे और खेती को सबसे अधिक नुकसान हुआ।

लखीमपुर। जनपद में सोमवार तड़के मौसम ने करवट बदली और सुबह 6 बजे से ही तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। प्रकृति के इस बदले मिजाज ने जहां शहर की रफ्तार रोक दी, वहीं ग्रामीण इलाकों में किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। बारिश का वेग इतना अधिक था कि सुबह 9 बजे तक आसमान में घने काले बादल छाए रहे और दिन में भी रात जैसा अंधेरा महसूस हुआ। भारी बारिश के चलते जिले भर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहरी क्षेत्रों में लगभग 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी, लेकिन ग्रामीण इलाकों में समाचार लिखे जाने तक बिजली गुल रही।
शहर के प्रमुख इलाकों, जैसे संकटा देवी रोड और स्टेशन रोड पर भारी जलभराव के कारण पैदल राहगीरों का निकलना दूभर हो गया। नालियां चोक होने से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बारिश और आंधी ने खेती-किसानी को सबसे ज्यादा चोट पहुंचाई है। कटाई के मुहाने पर खड़ी गेहूं की फसल तेज हवाओं के कारण खेतों में बिछ गई है, जिससे भारी नुकसान की आशंका है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


