42 डिग्री पारे पर 24 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चले लू के थपेड़े
लखीमपुर में रविवार को भीषण गर्मी और लू ने लोगों को परेशान कर दिया। दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। आवश्यक कार्यों से बाहर निकले लोग सिर पर गमछा और छाता लेकर चल रहे थे। शाम को मौसम में थोड़ी राहत मिली।

लखीमपुर। लखीमपुर में रविवार को भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई थीं, जो दोपहर होते-होते लू में बदल गईं। दिन का पारा 42 डिग्री और हवा की गति 24 किमी प्रति घंटा की रही। तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। जरूरी काम से निकलने वाले लोग सिर पर गमछा, तौलिया, छाता और दुपट्टा रखकर धूप से बचाव करते दिखाई दिए। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही। रविवार होने के कारण स्कूल और विद्यालय बंद थे, जिससे बच्चों को राहत मिली, लेकिन जरूरी कार्यों से बाहर निकले लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।
महिलाएं भी सिर ढंककर ही घरों से बाहर निकलीं। गर्मी इतनी अधिक थी कि लोगों को थोड़ी-थोड़ी देर में प्यास लग रही थी। राहगीरों ने रास्तों में लगे प्याऊ, हैंडपंप और दुकानों पर रखे पानी से अपनी प्यास बुझाई। कई स्थानों पर लोग पेड़ों और दुकानों की छांव में बैठकर धूप कम होने का इंतजार करते नजर आए। घर और दुकानों में लगे पंखे व कूलर भी गर्म हवा फेंकते दिखाई दिए, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि लोगों ने गर्मी का एहसास 43 डिग्री तक महसूस किया। शाम ढलने के बाद मौसम थोड़ा सामान्य हुआ, जिसके बाद बाजारों में फिर से रौनक लौटती दिखाई दी। लोग खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकले। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोग अब बारिश और मौसम में बदलाव का इंतजार कर रहे हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


