Lakhimpur Khiri News: बाढ़ राहत किट के लिए उमड़ी भीड़, धौरहरा में तमाम लोग लौटे खाली हाथ
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर के धौरहरा तहसील क्षेत्र में बाढ़ के कारण हालात गंभीर हैं। करीब 35 गांवों की 70 हजार जनसंख्या प्रभावित हुई है। राहत सामग्री के लिए हजारों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी, लेकिन केवल 400 राहत किट ही उपलब्ध थीं, जिसके चलते कई लोग निराश लौटे। प्रभावितों ने प्रशासन से और सहायता की मांग की।
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर। धौरहरा तहसील क्षेत्र में बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं और करीब 35 गांवों की 70 हजार आबादी इससे प्रभावित है। कटौली स्थित वितरण केंद्र पर राहत सामग्री लेने के लिए हजारों ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने गनापुर, डुंडकी और गौरा ग्राम सभाओं के 400 परिवारों को राहत किट वितरित की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। हालांकि, प्रशासन की ओर से केवल 400 किट उपलब्ध कराई गई थीं, जिसके चलते सीमित संख्या में ही वितरण हो सका। हसनपुर, गौरा सहित कई गांवों से सुबह से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों को घंटों इंतजार के बाद खाली हाथ मायूस लौटना पड़ा।
बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि प्रभावितों की संख्या की तुलना में राहत सामग्री बेहद कम है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र का दोबारा सर्वे कराकर प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक पर्याप्त राशन व जरूरी सामग्री पहुंचाने की मांग की है। इस वितरण कार्यक्रम के दौरान धौरहरा तहसीलदार आदित्य विशाल, लेखपाल इरफान, शशांक शेखर शुक्ला और नितेश कुमार समेत राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।


