मेले में जलपरी शो में महिलाओं के लिए बनी अलग दीर्घा

Apr 06, 2026 12:58 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखीमपुरखीरी
share

Lakhimpur-khiri News - छोटी काशी गोला में चल रहे ऐतिहासिक चैती मेले के जल परी शो के दौरान महिलाओं और बच्चों को धक्का-मुक्की और छेड़खानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। मेले में यह शो युवाओं का आकर्षण बना हुआ है।

मेले में जलपरी शो में महिलाओं के लिए बनी अलग दीर्घा

छोटी काशी गोला में चल रहे ऐतिहासिक चैती मेले के दौरान आयोजित जल परी शो में महिला सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दावों की पोल खुलती नजर आई। दर्शकों की भारी भीड़ के बीच महिलाओं और बच्चों को धक्का-मुक्की और छेड़खानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर स्थिति को लेकर हिन्दुस्तान समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद मेला प्रशासन हरकत में आया। प्रशासन ने शो संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए महिलाओं के लिए अलग से दीर्घा में बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए, जिसे तुरंत लागू किया गया। इसके साथ ही, शो स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, ताकि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।मालूम

हो कि मेले में जल परी शो युवाओं समेत सभी वर्ग के लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शो में एक महिला कलाकार जल परी की वेशभूषा में पानी के टैंक के अंदर फिल्मी गानों पर प्रस्तुति देती है। हालांकि, लगभग पांच मिनट के इस शो को देखने के लिए उमड़ती भीड़ के कारण वहां अव्यवस्था का माहौल बन गया था। स्थिति यह थी कि महिलाओं, बच्चियों और छोटे बच्चों के लिए कोई अलग व्यवस्था या बैरिकेडिंग नहीं थी, जिसके चलते उन्हें भीड़ के बीच खड़े होकर शो देखने को मजबूर होना पड़ रहा था। छोटे कद की महिलाएं और बच्चे शो ठीक से देख नहीं पा रहे थे, जिससे उनमें निराशा थी। वहीं, भीड़ का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़खानी की घटनाएं सामने आने की भी बात कही जा रही थी। शो स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी नहीं थी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।