Lakhimpur Khiri News: मौसम में बदलाव के साथ ही सीएचसी में मरीजों की तादाद भी बढ़ी
Lakhimpur Khiri News: निघासन में मौसम में हो रहे बदलाव के कारण अगस्त महीने में बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। सीएचसी में मरीजों की संख्या बढ़कर ओपीडी में लंबी कतार लग गई है। अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण से ग्रसित हैं। डाक्टरों के अनुसार, बाढ़ का पानी भी संक्रमण का कारण बना है।

Lakhimpur Khiri News: निघासन। मौसम में हो रहे बदलाव से अगस्त महीने में बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। सीएचसी में इन दिनों मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लग रही है। मरीजों में ज्यादातर सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और खुजली समेत वायरल संक्रमण से पीड़ित शामिल हैं। मरीजों की रोज बढ़ रही तादाद की वजह से अस्पताल परिसर में काफी भीड़ रहती है। डाक्टरों के मुताबिक बदलते मौसम के अलावा इलाके के कुछ हिस्सों में बाढ़ का पानी भरा होने से संक्रमण से होने वाली बीमारियां हो रही हैं। डॉ. टीएन सिंह ने बताया कि सीएचसी में वायरल बुखार की शिकायत वाले मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं।
इसके अलावा सर्दी-जुकाम, खांसी और शरीर में दर्द आदि समस्या वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। डॉ. देवराज ने बताया कि उनकी ओपीडी में रोज सौ से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। इनमें बुजुर्गों से लेकर बच्चे तक शामिल हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों के इलाज के साथ ही टीबी मरीजों के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें टीबी के संभावित मरीजों की पहचान कर उनकी जांच और इलाज की व्यवस्था की जा रही है।


