Lakhimpur Khiri News: ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
Lakhimpur Khiri News: गोला गोकर्णनाथ में शनिवार को लेखपालों ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेखपाल संघ ने सोहावल के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। आरोप है कि लेखपाल उत्कर्षदीप को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया, लेकिन संघ का दावा है कि उसे साजिश के तहत फंसाया गया है।

Lakhimpur Khiri News: गोला गोकर्णनाथ। अयोध्या जिले की सोहावल तहसील में लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में शनिवार को गोला तहसील में लेखपालों ने प्रदर्शन किया। लेखपाल संघ ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के बाद लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में सोहावल प्रकरण की जांच उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग की गई है। तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बताया कि सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्षदीप को जमीन की पैमाइश से जुड़े मामले में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने पकड़ा था।
संघ का आरोप है कि लेखपाल को साजिश के तहत फंसाया गया है। संघ के अनुसार फाइल में रुपये रखकर लेखपाल को भ्रष्टाचार के मामले में फंसाने का प्रयास किया गया। लेखपालों ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार का कतई समर्थन नहीं करता है। यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगते या लेते हुए दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन किसी निर्दोष कर्मचारी को झूठी शिकायत अथवा कथित फर्जी ट्रैप के जरिए फंसाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में मांग की गई कि भविष्य में किसी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि और प्रकरण से जुड़े तथ्यों की पर्याप्त जांच सुनिश्चित की जाए।


