
7 से 20 जनवरी तक होंगी प्री-बोर्ड परीक्षाएं, स्कीम जारी
Lakhimpur-khiri News - विद्यार्थियों की तैयारियों को परखने के लिए प्री-बोर्ड परीक्षाएं 7 से 20 जनवरी के बीच आयोजित की जाएंगी। जिले के 316 माध्यमिक विद्यालयों में यह परीक्षा एक साथ होगी। हाईस्कूल में हिंदी और इंटरमीडिएट में अर्थशास्त्र एवं कंप्यूटर की परीक्षा पहले दिन होगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से 2:15 बजे तक है।
बोर्ड परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित की जाने वाली प्री-बोर्ड परीक्षाओं की तिथि और रूपरेखा विभाग द्वारा अंतिम रूप दे दी गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में प्री-बोर्ड परीक्षाएं 7 जनवरी से 20 जनवरी के बीच आयोजित की जाएंगी। इसके लिए परीक्षा की विस्तृत स्कीम भी जारी कर दी गई है। जिले के कुल 316 माध्यमिक विद्यालयों में यह अभ्यास परीक्षा एक साथ कराई जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम के तहत पहले दिन हाईस्कूल स्तर पर हिंदी विषय का पेपर होगा, जबकि इंटरमीडिएट में अर्थशास्त्र एवं कंप्यूटर विषय की परीक्षा से शुरुआत की जाएगी।
परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन बोर्ड परीक्षा के पैटर्न पर किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा जैसा वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को परीक्षा संचालन, अनुशासन और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बोर्ड परिक्षा से पहले हो रही प्री-बोर्ड परिक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे से परीक्षा कक्षों की मॉनिटरिंग की जाएगी। इस बार की बोर्ड परीक्षा में जिले भर से कुल 90,244 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 49,980 हाईस्कूल और 40,264 इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षा से पहले होने वाली प्री-बोर्ड परीक्षा में बोर्ड में पंजीकृत सभी छात्र छात्राएं शामिल होंगे। डीआईओएस ने बताया कि यह अभ्यास परीक्षा छात्रों को अपनी कमजोरियों को पहचानने और बोर्ड परीक्षा से पहले सुधार का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




