Lakhimpur Khiri News: रात की बिजली कटौती से कुकरा में हाहाकार
Lakhimpur Khiri News: कुकरा कस्बे में बिजली की लगातार कटौती से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात में कई घंटे बिजली गुल रहने से गर्मी और मच्छरों की समस्या बढ़ गई है। ग्रामीणों ने नियमित बिजली सप्लाई की मांग की है, साथ ही सुरक्षा के लिए रात में बिजली न काटने की अपील की है।

Lakhimpur Khiri News: कुकरा। कस्बे में लगातार हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में बिजली रोजाना कई घंटे गुल रहती है। कभी रात 10 बजे सप्लाई आती है और एक घंटे बाद फिर काट दी जाती है तो कभी 11 बजे बिजली आने के बाद कुछ देर चलकर दोबारा गायब हो जाती है। इससे लोगों की रातों की नींद हराम हो गई है। कुकरा क्षेत्र जंगली इलाका होने के कारण यहां मच्छरों का भी खासा प्रकोप है। इन दिनों मलेरिया और बुखार का प्रकोप भी बताया जा रहा है।
ऐसे में रात में बिजली गुल होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती है। बिजली न होने से पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं और लोग उमस में परेशान होकर घरों के बाहर सड़क पर टहलने को मजबूर हो जाते हैं। लेकिन बाहर भी मच्छरों के कारण बैठना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में अंधेरा होने से जंगली क्षेत्र में जंगली जानवरों के आने का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में बिजली कटौती केवल गर्मी और मच्छरों की समस्या नहीं बल्कि सुरक्षा से भी जुड़ा मामला है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली अधिकारी कभी रोस्टिंग तो कभी 33 केवी लाइन में खराबी बताकर कटौती का कारण बताते हैं। उनका कहना है कि रोजाना रात में बिजली काटे जाने का सिलसिला अब परेशानी की हद तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से रात में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कटौती जरूरी है तो दिन में दो-तीन घंटे कर ली जाए लेकिन रात में बिजली आपूर्ति बाधित न की जाए।


