Lakhimpur Khiri News: बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों ने किया पावर हाउस का घेराव
Lakhimpur Khiri News: मोहम्मदी के गांव जमिरहा में ट्रांसफार्मर फूंकने के कारण बिजली की आपूर्ति 15 दिनों से ठप है। स्थानीय लोग पानी के लिए तरस रहे हैं और विधायक के जनता दरबार में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।

Lakhimpur Khiri News: मोहम्मदी। तहसील क्षेत्र के गांव जमिरहा में रखा गया ट्रांसफार्मर फुंकने से 15 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। कटौती के चलते बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे लोगों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। ग्रामीणों ने विधायक के जनता दरबार में कर्मचारियों की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने समस्या को लेकर पावर हाउस का घेरावकर आर-पार की लड़ाई को लेकर जमकर हंगामा काटा है। सोमवार को गांव के राजेंद्र कश्यप, बबलू, हरिप्रसाद, रामवीर, कृष्ण पाल, रामसनेही कुलदीप, शिवबरन समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने समस्या को लेकर विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह के सामने शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते गांव में 200 से अधिक कनेक्शन होने के बाद भी 10 किलोवाट के दो छोटा ट्रांसफार्मर होने के चलते लगते ही फुंक जाते हैं।क्षमता वृद्धि को लेकर कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया जिस पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। गांव में 15 दिनों से बिजली न होने से लोग बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। अधिकारी समस्याएं न सुनने को लेकर मोबाइल स्विच ऑफ रखते हैं। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेकर अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर अभिलंब कार्रवाई करने को कहा। वहीं, ग्रामीणों ने एसडीओ धर्मेंद्र पटेल की कार्यशैली की शिकायत की है।


