वाहन न मिलने पर फंसी युवतियों को पुलिस ने पहुंचाया 50 किमी
Lakhimpur-khiri News - मैगलगंज कस्बे में शुक्रवार शाम दो युवतियों को लखीमपुर जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला। परेशान होकर उन्होंने डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस ने महिला आरक्षी की मदद से दोनों को सुरक्षित लखीमपुर पहुंचाया।...
मैगलगंज कस्बे में शुक्रवार शाम बाहर से आईं दो युवतियों को लखीमपुर जाने के लिए कोई संसाधन न मिलने पर डायल 112 पीआरवी लखीमपुर छोड़ने पहुंची। थाने की महिला आरक्षी की मौजूदगी में दोनों युवतियों को 50 किलोमीटर दूर लखीमपुर छोड़ा गया। दोनों युवतियां किसी प्राइवेट कंपनी के उत्पाद का प्रचार प्रसार करने के लिए मैगलगंज आईं थीं जिनमें एक मध्य प्रदेश की व दूसरी फरधान क्षेत्र की रहने वाली हैं। शुक्रवार शाम मैगलगंज कस्बे के मुख्य चौराहे पर दो युवतियां लखीमपुर जाने के लिए पहुंची थीं, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण मैगलगंज से लखीमपुर तक के लिए इस रूट पर कोई वाहन नहीं मिला। संसाधन न मिलने पर परेशान युवतियों ने चौराहे पर मौजूद लोगों से लखीमपुर जाने के लिए साधन की जानकारी की तो लोगों ने लखीमपुर जाने का कोई साधन न होने की बात बताई। दोनों युवतियां बाहर की थीं उनका मैगलगंज क्षेत्र में कोई परिचित भी नहीं था जिससे परेशान होकर युवतियों ने अपने आपको असुरक्षित महसूस करते हुए डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी। कुछ ही देर में डायल 112 पीआरवी मौके पर पहुंच गई। युवतियों ने डायल 112 पुलिस को लखीमपुर तक छोड़ने की बात कही लेकिन पीआरवी पर महिला आरक्षी न होने के कारण डायल 112 पुलिसकर्मी ने इस इवेंट के लिए मैगलगंज प्रभारी निरीक्षक को जानकारी दी। जिस पर प्रभारी निरीक्षक रमेश पाण्डेय ने थाने पर तैनात महिला पुलिसकर्मी मोहना को पीआरवी पर भेजकर दोनों युवतियों को लखीमपुर ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया। दोनों युवतियों ने पीआरवी की मदद के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को धन्यवाद किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।