Lakhimpur Khiri News: बच्चों को ला रही निजी बुलेरो बाढ़ के पानी में बही, सुरक्षित बचाए गए सभी बच्चे
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब गोमती नदी की बाढ़ में स्कूली बच्चों को ले जा रही बोलेरो बह गई। चालक और ग्रामीणों की सूझबूझ से सभी पांच बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। हादसे के समय वाहन बाढ़ के तेज बहाव में फंस गया था। सभी बच्चे अब सुरक्षित हैं।
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर। जिले के पसगवां थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुल्लापुर गांव के पास गोमती नदी की बाढ़ के तेज बहाव में स्कूली बच्चों को ले जा रही एक निजी बोलेरो बह गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता के चलते गाड़ी में सवार सभी पांच बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक निजी बोलेरो गाड़ी मुल्लापुर गांव के पांच बच्चों को लेकर मोहम्मदी स्थित एक स्कूल के लिए रवाना हुई थी। इलाके में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से मुल्लापुर और पसगवां के बीच मुख्य सड़क पर बाढ़ का पानी तेज धार के साथ बह रहा है।
बताया जाता है कि जैसे ही बोलेरो सड़क पार करने लगी, वह पानी के तेज बहाव के बीच अनियंत्रित होकर फंस गई। पानी की रफ्तार और खतरे को भांपते हुए चालक ने शोर मचाया। आसपास मछली पकड़ रहे लोग दौड़कर पहुंच गए और बिना देर किए तुरंत सभी बच्चों को गाड़ी से नीचे उतारा और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बच्चों के उतरते ही गाड़ी का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और बोलेरो तेज धार में बहती चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे। सभी बच्चों को उनके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया है।

