
रेलवे ट्रैक के किनारे तीन दिन तक पड़ा रहा युवक का शव
संक्षेप: Lakhimpur-khiri News - शहर के रेलवे स्टेशन के पास तीन दिन से एक अज्ञात युवक का शव पड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने शव की सूचना जीआरपी को दी, लेकिन पहले शव नहीं मिला। अंततः शव दिखाई दिया और उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र 25...
शहर के रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम कुकरा रोड से पहले चीनी मिल के सीरे टैंक के सामने रेलवे लाइन के किनारे तीन दिन से एक अज्ञात युवक का शव पड़ा रहा, लेकिन किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। तीन दिन बाद मंगलवार सुबह जब शव दिखाई दिया तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। छोटी दीपावली के दिन एक स्थानीय युवक ने रेलवे ट्रैक के पास शव पड़े होने की सूचना जीआरपी को दी थी। सूचना मिलने पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय उन्हें शव नहीं मिला। मंगलवार सुबह शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने दोबारा पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव तीन दिन पुराना लग रहा था और उसमें दुर्गन्ध फैल चुकी थी। आसपास कौए मंडरा रहे थे। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अभी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः युवक को किसी ने ट्रेन से धक्का दे दिया होगा या वह हादसे का शिकार हुआ होगा। वहीं इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन दिन तक शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा रहा और ना तो आरपीएफ की पेट्रोलिंग टीम की नजर पड़ी, ना ही रेलवे की-मैन को जानकारी हुई। इस मामले में कोतवाल अम्बर सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र 25 से 30 साल लग रही है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। सूचना 19 अक्टूबर की शाम को कुकरा रोड पुलिया के पास शव पड़े होने की मिली थी। उस स्थान पर जाकर टॉर्च की रोशनी में तलाश की, लेकिन कोई शव नहीं मिला। अब शव दूसरी जगह मिला है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




