पात्र आवेदकों के शीघ्र बनेंगे राशनकार्ड: रिंकू
Lakhimpur-khiri News - नगर पालिका परिषद द्वारा खुटार रोड स्थित फूलबाबा आश्रम के पास चलाए जा रहे 'नगर पालिका आपके द्वार' अभियान के तहत 337 लोगों ने पंजीकरण कराया। इसमें वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, विद्युत विभाग, दिव्यांग और विधवा पेंशन से संबंधित आवेदन शामिल हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ने शीघ्र सेवाओं के प्रदान करने का आश्वासन दिया।

गोला गोकर्णनाथ, संवाददाता। नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे नगर पालिका आपके द्वार अभियान के तहत मंगलवार को खुटार रोड स्थित फूलबाबा आश्रम के पास लगाए गए कैम्प में बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए पंजीकरण कराया। अभियान के छठवें दिवस कुल 337 लोगों का पंजीकरण किया गया। कैम्प में वृद्धावस्था पेंशन के 43 पंजीकरण हुए, जिनमें 37 लोगों की पेंशन रुकी हुई थी, जबकि 6 नए आवेदन किए गए। राशनकार्ड से संबंधित 200 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिसमें 168 कार्डधारकों ने यूनिट बढ़वाने के लिए और 32 लोगों ने नए राशनकार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया।
विद्युत विभाग से संबंधित 8 पंजीकरण हुए, जिनमें 3 स्मार्ट मीटर रीडिंग और 5 बिल बढ़ोत्तरी के मामले शामिल रहे। इसके अलावा दिव्यांग पेंशन के 4 और विधवा पेंशन के 14 पंजीकरण किए गए। नगर पालिका परिषद से संबंधित जन्म प्रमाण पत्र के 32 आवेदन भी कैम्प में दर्ज किए गए। साथ ही नए मतदाता बनने के लिए 30 फॉर्म वितरित किए गए। कैम्प में पालिका परिषद के अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि पंजीकृत पात्र आवेदकों के राशनकार्ड शीघ्र बनाए जाएंगे और जिन लोगों की यूनिट बढ़नी है, उनका कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य लोगों को घर के पास ही सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वहीं बसपा नेता एवं सभासद इजरान ने नगर पालिका अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान आम जनता के लिए अत्यंत लाभकारी और सराहनीय है। इस अवसर पर सभासद इजरान, राजेश वर्मा, नगर पालिका लेखाकार मोहित अवस्थी, जेई अनिल कुमार यादव, जेई आदर्श मिश्रा, श्रवण कुमार मिश्रा, अंकित गुप्ता, अशोक मिश्रा, विजय कुमार, प्रदीप कुमार, अनुज अवस्थी, विमलेश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



