कटाई के लिए तैयार फसल जलकर हुई खाक
Lakhimpur-khiri News - मैगलगंज के छोटी चौखड़िया गांव में गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा ने आग को और भड़काया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति गंभीर हो गई। आग बुझाने में एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन कई किसानों की फसल नष्ट हो गई।

मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के छोटी चौखड़िया गांव में गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के चलते कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल धूं-धूं कर जल उठी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खेतों से उठती आग की लपटें देख ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन हवा के तेज झोंकों ने आग को और भड़का दिया, जिससे कई खेत इसकी चपेट में आ गए। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चलाकर खेतों की जुताई कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। इस आगजनी में रोहित का लगभग 15 बीघा गेहूं और एक बीघा गन्ने का बीज जलकर नष्ट हो गया, वहीं कृष्णपाल का करीब 8 बीघा गेहूं भी राख हो गया। आग बुझाने के दौरान दो ग्रामीण झुलस भी गए। सूचना मिलने पर स्थानीय लेखपाल मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुट गए। वहीं, सूचना के बावजूद दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


