
ओमजी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पंप मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
संक्षेप: Lakhimpur-khiri News - मैगलगंज में ओमजी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है। पुलिस ने पेट्रोल पंप मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक ओमजी की बहन ने इन पर हत्या का आरोप लगाया था। ओमजी का शव एक भट्ठे के...
मैगलगंज, संवाददाता। मैगलगंज में हुए ओमजी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मैगलगंज पुलिस ने पेट्रोल पंप मैनेजर समेत तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस द्वारा इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पुलिस इस मामले का खुलासा कर सकती है। पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है। मृतक ओमजी का मोबाइल अभी तक बरामद नहीं हो सका है, जिसे पुलिस जल्द खोजने का प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि मोबाइल में ही हत्या की असली वजह छिपी हो सकती है।
रहजनियां गांव निवासी ओमजी पुत्र मानसिंह का शव सोमवार सुबह मैगलगंज कस्बे से सटे एक भट्ठे की खाली पड़ी जमीन में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला था। शव पर सिर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। मृतक की विवाहिता बहन सरिता ने लालपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर नंदकिशोर व सहकर्मी सालिक और दिवाकर पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। सरिता के अनुसार उसका भाई ओमजी उक्त पेट्रोल पंप पर काम करता था। पंप मैनेजर उस पर डीजल-पेट्रोल चोरी में साथ देने का दबाव बना रहा था, लेकिन ओमजी ने इंकार कर दिया। इसके बाद 20 अक्टूबर को उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। आरोप है कि ओमजी के पास पंप मैनेजर और अन्य कर्मचारियों द्वारा डीजल-पेट्रोल चोरी करते हुए बनाए गए वीडियो साक्ष्य थे। उसने यह वीडियो पंप मालिक को दिखाने की बात कही थी। उसी के बाद से तीनों आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। 25 अक्टूबर को दिवाकर ने फोन कर ओमजी को यह कहकर पंप पर बुलाया था कि उसकी नौकरी फिर से लगवा दी जाएगी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। 26 अक्टूबर को उसकी बाइक भट्ठे की झाड़ियों में लावारिस हालत में मिली थी और अगले दिन सुबह उसी स्थान से कुछ दूरी पर झाड़ियों में उसका शव बरामद हुआ था। सीओ मितौली यादुवेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई बिंदु स्पष्ट होंगे। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




