ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखीमपुरखीरीमहाभारत काल की याद दिलाएगा शहर का एलआरपी चौराहा

महाभारत काल की याद दिलाएगा शहर का एलआरपी चौराहा

अब शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को एलआरपी चौराहा महाभारत काल की याद दिलाएगा। नगर पालिका इसे जिले के पर्यटन क्षेत्र के मुख्यद्वार के रूप में विकसित करने की तैयारी में...

महाभारत काल की याद दिलाएगा शहर का एलआरपी चौराहा
हिन्दुस्तान टीम,लखीमपुरखीरीSun, 14 Oct 2018 11:57 PM
ऐप पर पढ़ें

अब शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को एलआरपी चौराहा महाभारत काल की याद दिलाएगा। नगर पालिका इसे जिले के पर्यटन क्षेत्र के मुख्यद्वार के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। इसके लिए एलआरपी चौराहे का सौंदर्यीकरण महाभारत कालीन थीम पर करने का प्रस्ताव किया गया है। आगंतुकों को इसमें महाभारत काल की कलाकृतियां देखने को मिलेंगी। साथ ही अन्य सभी आधुनिक साधनों से इस चौराहे के सौंदर्य को बढ़ाया जाएगा। जिले में दुधवा नेशनल पार्क, छोटी काशी सहित पर्यटन का बहुत बड़ा क्षेत्र है। प्रदेश सरकार जिले को पर्यटन को बढ़ाने को लेकर प्रयास कर रही है। जिले में महाभारत काल के तमाम ऐसे पुराने अवशेष हैं जो अभी तक लोगों को महाभारत काल की याद दिलाते हैं।

शहर में आने के लिए लखनऊ और सीतापुर के अलावा गोला की तरफ से आने वाले लोग शहर में एलआरपी चौराहे पर होकर ही आते हैं। लखनऊ और सीतापुर से आने वाले लोग इसी चौराहे पर होकर दुधवा नेशनल पार्क को जाते हैं। अब नगर पालिका एलआरपी चौराहे को जिले के पर्यटन के मुख्यद्वार के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। यही कारण है कि एलआरपी चौराहे को महाभारत कालीन शैली पर विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस चौराहे का पूरा निर्माण नए तरीके से किया जाएगा। गोलाकार दीवार पर महाभारत कालीन दृश्य और सीनरियों को उकेरा जाएगा। जिससे देखने वालों के मन में महाभारत काल की यादें ताजा हो जाएंगी। इसके अलावा चौराहे के आसपास काफी बडे़ क्षेत्र में रंगीन इंटर लाकिंग लगाई जाएगी।

चौराहे के गोलाई वाले भाग में फौव्वारा और फौव्वारे के बाहर तमाम रंग बिरंगे फूलों के पौधे होंगे आसपास चारों तरफ रंग बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी। जो रात में फौव्वारे के साथ चौराहे को खूबसूरत बनाएंगी। गोलाई के चारों तरफ रंगीन ग्रिल लगाई जाएगी । प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हाईमास्क लाइटें लगेंगी जिनका प्रकाश चारों तरफ काफी दूर तक रहेगा। इसके अलावा सड़क के किनारे हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण कराया जाएगा। इनके साथ सौंदर्यीकरण के अन्य तमाम ऐसे उपकरण लगाए जाएंगे जो शहर के लोगों के लिए नए होंगे।

अट्ठाइस लाख की लागत से होगा सौंदर्यीकरण

एलआरपी चौराहे का सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव पिछले बोर्ड बैठक में हो गया। इसमें लगभग अट्ठाइस लाख की लागत आएगी। इसका निर्माण चौदवें वित्त आयोग से कराया जाएगा। बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव पास हो गया है। इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। उम्मीद है दशहरा के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसे पूरा करने में लगभग तीन महीने का समय लग सकता है। अखिलेश त्रिपाठी, ईओ नगर पालिका

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें