Lakhimpur Khiri News: व्यापारी लक्ष्मण गुप्ता की गिरफ्तारी पर भड़का आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर में व्यापारी लक्ष्मण गुप्ता की गिरफ्तारी को लेकर व्यापार संगठनों और ज्वैलर्स एसोसिएशन में आक्रोश है। उन पर बदमाशों के सहयोग का आरोप लगा है। व्यापारी मानते हैं कि इसे साजिश के तहत किया गया है और उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर। मोहम्मदी के स्थानीय व्यापारी लक्ष्मण गुप्ता की गिरफ्तारी को लेकर व्यापार संगठनों और ज्वैलर्स एसोसिएशन में भारी आक्रोश व्याप्त है। पिछले हफ्ते पुलिस द्वारा लक्ष्मण गुप्ता को बदमाशों का सहयोगी बताकर जेल भेजे जाने के बाद से यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। व्यापारियों का साफ आरोप है कि उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है। शनिवार को व्यापार संगठनों और स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों ने लामबंद होकर मोहम्मदी तहसील में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने और निर्दोष व्यापारी को गिरफ्तार करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।व्यापारी
प्रतिनिधियों का कहना है कि लक्ष्मण गुप्ता एक संभ्रांत व्यापारी हैं। बिना ठोस साक्ष्यों और बिना निष्पक्ष जांच के उन पर आपराधिक साठगांठ का आरोप मढ़ना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। व्यापार मंडल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द साजिश का पर्दाफाश कर कार्रवाई नहीं की, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने और बाजार बंद करने के लिए बाध्य होंगे।


