Lakhimpur Khiri News: घर के बाहर बंधे बछड़े को तेंदुए ने बनाया निवाला, पिंजरा लगा
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर के बेलरायां वन रेंज में तेंदुए ने शनिवार रात एक बछड़े पर हमला किया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। परिवार ने शोर मचाया लेकिन तेंदुआ भाग गया। वन विभाग ने पिंजरे लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी है। लगातार घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
Lakhimpur Khiri News: लखीमपुर। बेलरायां वन रेंज की बथुआ बीट के नौरंगाबाद फार्म में शनिवार देर रात तेंदुए ने घर के बाहर बंधे बछड़े को अपना निवाला बना लिया। तेंदुए की आहट और घर के बाहर उसकी मौजूदगी की भनक लगते ही परिवार में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। नौरंगाबाद फार्म निवासी सुखदेव सिंह (लाडी) के घर के बाहर बछड़ा बंधा था। देर रात तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे मार डाला। घरवालों को तेंदुए की मौजूदगी का पता चला तो उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोगों के पहुंचने तक तेंदुआ वहां से निकल गया।
लोगों के मुताबिक इससे पहले भी पास के एक घर में तेंदुआ बछड़े को मार चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए रविवार सुबह तेंदुए को पकड़ने के लिए घटनास्थल के पास पिंजरा लगवा दिया गया।रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा है। बथुआ बीट में पहले से दो पिंजरे लगे हुए हैं। एक पिंजरा प्रधानपुरवा और दूसरा पिंजरा बथुआ में लगा है । घटनास्थल के पास भी एक पिंजरा लगाया गया है। ग्रामीणों को खेतों की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है।


