सहिंजना में तेंदुए का खौफ बरकरार, लगाए गए पिंजरे
बेलरायां रेंज के सहिंजना गांव में तेंदुए के हमले में महिला की मौत हो गई। तेंदुआ खेत में खींच ले गया था। घटना के बाद गांव में डर का माहौल है, लोग रात में बाहर नहीं सोने की हिम्मत कर रहे हैं। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं और निगरानी की जा रही है।
बेलरायां रेंज के सहिंजना गांव में तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद अंधेरा होते ही पूरा गांव सन्नाटे में डूब जाता है। उधर रविवार को तेंदुए का शिकार बनी महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचने पर एक बार फिर रोनादृपीटना मच गया। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के पास दो पिंजरे लगाए हैं। शनिवार रात बेलरायां रेंज के सहिंजना गांव में गर्मी की वजह से से घर के बाहर चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहीं माताप्रसाद की तीस वर्षीया पत्नी संध्या को तेंदुआ खेत में खींच ले गया था। ग्रामीणों के पहुंचने तक संध्या की मौत हो चुकी थी।
वन विभाग की टीम के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने रेंजर का विरोध किया था। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के आश्वासन के बाद पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने दिया था। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को घर पहुंचे शव का देर शाम पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।ग्रामीणों के मुताबिक गांव के पास तेंदुए की मौजूदगी से बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी भयभीत हैं। शाम ढलते ही लोग दरवाजे बंद कर लेते हैं और बाहर जाने वाले जरूरी काम भी टाल देते हैं। किसान रात को खेतों की रखवाली करने जाने से बच रहे हैं। बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में नियमित बिजली आपूर्ति होने पर ऐसी घटनाओं से कुछ हद तक बचा जा सकता है। घटना के बाद पूरे इलाके में डर है। ग्रामीण अब गर्मी के बावजूद रात में घरों के बाहर सोने से डर रहे हैं।उधर वन विभाग ने भी तेंदुए को पकड़ने का अभियान तेज कर दिया है। गांव में एक पिंजरा घटनास्थल के पास और दूसरा करीब सौ मीटर दूर लगाया गया है। कैमरे और ड्रोन की मदद से भी निगरानी की जा रही है। रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तीन टीमें लगाई गई हैं। उम्मीद है कि तेंदुए को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में बाहर न सोने और अकेले खेतों में न जाने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


