पिता के साथ खेत पर गए बालक पर तेंदुए ने किया हमला, मौत
ईसानगर में रविवार शाम एक तेंदुए ने सात साल के बालक शुभम पर हमला किया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर स्थिति में बालक की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए ईसानगर-खमरिया रोड जाम कर दिया और वन विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। विधायक ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।

ईसानगर। रविवार शाम पिता के साथ खेत पर मौजूद सात साल के बालक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। परिजन घायल बालक को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। सीएचसी खमरिया ले जाते समय बालक की मौत हो गई। इससे भड़के ग्रामीणों और परिजनों ने जमकर हंगामा किया और ईसानगर-खमरिया रोड को जाम कर दिया। गांव वाले वन विभाग के आला अफसरों को बुलाने की मांग कर रहे हैं। दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन के धौरहरा वन रेंज के गांव लालजीपुरवा निवासी जवाहर अपने परिवार समेत रविवार की शाम खेत की सिंचाई करने गए थे। उनका सात साल का बेटा शुभम भी साथ ही था।
वह पिता से थोड़ी दूर मेढ़ पर बैठा था। इस बीच खेत में छिपे तेंदुए ने बालक शुभम पर हमला कर दिया और उसे गले से दबोचकर ले जाने लगा। परिजन बालक को किसी तरह तेंदुए से छुड़ाकर ईसानगर के अस्पताल लेकर भागे। परिजन वहां सीएचसी खमरिया के लिए जा रहे थे। इसी बीच गंभीर रूप से जख्मी बालक शुभमने दम तोड़ दिया। बालक की मौत के बाद परिजन और गांव वाले भड़क गए और ईसानगर-खमरिया रोड जाम कर दिया। हंगामे की सूचना पर विधायक विनोद शंकर अवस्थी भी मौके पर पहुंच गए। बालक की मौत पर दुख जताते हुए उन्होंने वन विभाग को तत्काल ऑपरेशन चलाने को कहा। हालांकि जाम के दौरान वन विभाग का कोई बड़ा अफसर मौके पर नहीं पहुंचा था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


