
कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग तोड़ते समय हादसा, तीन मजदूर घायल
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर के पसगवां क्षेत्र में केन ग्रोवर्स इंटर कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग के ध्वस्तीकरण के दौरान छत गिरने से तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां दीपू की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया।
लखीमपुर। पसगवां क्षेत्र के केन ग्रोवर्स इंटर कॉलेज जंगबहादुर गंज की पुरानी बिल्डिंग के ध्वस्तीकरण के दौरान शुक्रवार दोपहर हादसा हो गया। नई बिल्डिंग के निर्माण को लेकर पुरानी इमारत तोड़ी जा रही थी, इसी दौरान अचानक छत गिरने से तीन मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान भल्लू पुत्र लल्ला सिंह , दीपू पुत्र सर्वेश सिंह और रंजीत कुमार पुत्र इसरीलाल निवासी ग्राम रामापुर नयनकारी, थाना रोजा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। हादसे में तीनों मजदूरों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां भेजा गया।
प्राथमिक उपचार के बाद दीपू की हालत गंभीर देखते हुए, जबड़े में गंभीर चोट के कारण उसे जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है। बताया जा रहा है कि पुरानी बिल्डिंग को तोड़ने का ठेका राजकुमार निवासी रामापुर नयनकारी, थाना रोजा, जनपद शाहजहांपुर को दिया गया था। ठेकेदार द्वारा अपने ही गांव के मजदूरों से ध्वस्तीकरण का कार्य कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




