ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखीमपुरखीरीसरकार यह कर्जमाफी है या फिर किसानों के साथ मजाक!

सरकार यह कर्जमाफी है या फिर किसानों के साथ मजाक!

सरकार! इसे कर्जमाफी कहें या फिर लघु सीमांत किसानों के साथ मजाक। खीरी जिले में किसी किसान का 10 पैसे का कर्ज माफ हुआ है तो किसी को 14 पैसा कर्जमाफी का प्रमाण पत्र मिला है। दर्जनों ऐसे किसान हैं जिनका...

सरकार यह कर्जमाफी है या फिर किसानों के साथ मजाक!
हिन्दुस्तान टीम,लखीमपुरखीरीThu, 14 Sep 2017 12:21 PM
ऐप पर पढ़ें

सरकार! इसे कर्जमाफी कहें या फिर लघु सीमांत किसानों के साथ मजाक। खीरी जिले में किसी किसान का 10 पैसे का कर्ज माफ हुआ है तो किसी को 14 पैसा कर्जमाफी का प्रमाण पत्र मिला है। दर्जनों ऐसे किसान हैं जिनका एक रुपया से कम कर्जमाफ हुआ है। वहीं कई किसान ऐसे हैं जिनका 10 रुपए तक का बैंकों ने कर्ज माफ किया है। अटकोहना के रामपाल का 10 पैसे का कर्ज माफ हुआ है। खम्भौल के रामशंकर का 14 पैसे का कर्जा माफ हुआ है। जिले में पहले चरण में 36,368 किसानों का कर्जा माफ हुआ है। खीरी जिले में पहले चरण में 36,368 किसानों का कर्ज माफहुआ है। इसमें से पांच हजार के लगभग किसानों को कर्जमाफी के प्रमाणपत्र दिए जा चुके हैं। जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने किसानों को प्रमाणपत्र बांटे। हालांकि प्रभारी मंत्री को बांटने के लिए उन्हीं किसानों के प्रमाणपत्र दिए गए जिनका एक लाख रुपए तक का कर्जमाफ हुआ है। बाकी को बैंकों के काउंटरों से ही प्रमाणपत्र दिए गए। अब जो किसान बचे हैं उनको तहसीलों पर कार्यक्रम आयोजित कर प्रमाणपत्र देने की तैयारी है। पहले चरण में जिन किसानों का कर्जमाफ हुआ है उसमें तमाम ऐसे हैं जिनका सिर्फ 10 पैसा, 14 पैसा, 17 पैसा, 29 और 30 व 50 पैसा का कर्ज माफ हुआ है। अगर पहले चरण की कर्जमाफी की सूची देखी जाए तो नौ से ज्यादा ऐसे किसान हैं जिनका एक रुपया से कम कर्ज माफ हुआ है। वहीं तीन ऐसे हैं जिनका एक रुपया माफ हुआ है। पांच किसानों के 10-10 रुपए तक और दो किसानों के 100-100 रुपए तक का कर्जमाफ हुआ है। जिले में पहले चरण के बचे प्रमाणपत्र वितरण के साथ ही दूसरे चरण में किसानों का ऋण माफ करने के लिए तहसील स्तर से सत्यापन शुरू हो गया है। जिला कृषि अधिकारी संतोष कुमार बताते हैं कि कर्जमाफी की डेट 31 मार्च 2016 निर्धारित है। इस डेट में जिन लघु व सीमांत किसानों का बकाया था वह माफ हो गया है। जिन किसानों एक पैसे में कर्जमाफ हुआ है उन्होंने अपना कर्ज पहले ही जमा कर दिया होगा। खाता चलाने के लिए कुछ रुपए या पैसे पड़े रहते हैं जिनका बैलेंस बचा था वह कर्जमाफी की सूची में आ गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें