मुंजहा पुरवा में जांच को पहुंची टीम, मिलीं वित्तीय खामियां
Lakhimpur-khiri News - निघासन के बंगलहा तकिया के मुंजहा पुरवा गांव में खड़ंजा निर्माण में वित्तीय अनियमितता की जांच शुरू हो गई है। मजदूरों ने शिकायत की थी कि उन्हें मजदूरी नहीं दी गई और फर्जी बिलिंग की गई। बीडीओ के निर्देश पर जांच टीम ने मौके पर जाकर अनियमितताएं उजागर कीं। संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया है।

निघासन, संवाददाता। बंगलहा तकिया के मुंजहा पुरवा गांव में खड़ंजा निर्माण व मरम्मत में वित्तीय अनियमितता के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। आपके अपने हिन्दुस्तान अखबार ने 11 मार्च को ‘‘खड़ंजा लगाने में फर्जी बिलिंग की मजदूरों ने की शिकायत’’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर छापी थी। इसमें काम करने वाले गांव के मजदूरों को मजदूरी देने की जगह बाहर के मजदूर दिखाकर पैसा निकालने व एक भट्ठे से खरीदी गई ईंटों का भुगतान दूसरे ईंट भट्ठे को करने का आरोप लगाया गया था। मुंजहा पुरवा के मजदूरों ने इसकी शिकायत की थी। इस खबर का संज्ञान लेते हुए बीडीओ जयेश कुमार सिंह के निर्देश पर ब्लाक की तीन सदस्यीय टीम ने इसकी मौके पर जाकर जांच की।
इसमें कई अनियमितताएं उजागर हुई हैं। निघासन ब्लाक की बंगलहा तकिया ग्राम पंचायत के मुंजहा पुरवा गांव में वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिवकुमार के घर से रामकुमार के घर तक 84 मीटर खड़ंजा मरम्मत का काम कराया गया था। गांव के मजदूरों के मुताबिक इसमें उनसे ही ईंटें और मिट्टी मंगाने के साथ ही काम भी कराया गया लेकिन इसका भुगतान रमियाबेहड़ के मजदूरों को कर दिया गया। यहां के धर्मेंद्र, सुरेश और आशाराम सहित कई मजदूरों ने इस बाबत डीएम और मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी थी। मजदूरों का आरोप है कि कई बार पैसा मांगने के बावजूद उन्हें आज-कल कहकर टरकाया जा रहा है। मिट्टी वाला, इसे ढोने में प्रयोग ट्रैक्टर मालिक और ईंट भट्ठे वाला उनसे पैसा मांग रहा है। उनको अपनी मजदूरी तक नहीं मिली है। इससे परेशान होकर उन्होंने शिकायत की है। जांच टीम में एडीओ पंचायत विजय गुप्ता, एडीओ सहकारिता राकेश कुमार और जेई आरईएस प्रतीक श्रीवास्तव रहे। मजदूरों ने बताया कि शिकायत के बाद उनको नकद भुगतान कर दिया गया है। साथ ही उनसे चुप रहने को कहा जा रहा है। टीम ने मौके पर हुए काम का भौतिक सत्यापन किया।ग्रामीणों की शिकायत पर टीम ने मौके की जांच और काम का सत्यापन किया है। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाबतलब किया गया है। इसका जवाब मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।जयेश कुमार सिंह, बीडीओ निघासन
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


