राज्य स्तरीय खरीफ गोष्ठी में सीडीओ ने बताए खीरी में खेती के नवाचार
Lakhimpur-khiri News - लखनऊ में आयोजित मंडलीय व राज्य स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में खीरी जिले के सीडीओ अभिषेक कुमार ने खेती में नवाचारों पर चर्चा की। गोष्ठी में कृषि राज्यमंत्री और कृषि उत्पादन आयुक्त ने भाग लिया। खरीफ फसलों के उत्पादन बढ़ाने, सिंचाई, फसली ऋण और अन्य योजनाओं पर चर्चा की गई।

लखनऊ में आयोजित हुई मंडलीय व राज्य स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में खीरी जिले के सीडीओ अभिषेक कुमार ने जिले में खेती में हो रहे नवाचारों को बताया। गोष्ठी में मुख्य अतिथि कृषि राज्यमंत्री रहे वहीं अध्यक्षता कृषि उत्पादन आयुक्त ने की। गोष्ठी में खरीफ फसलों के उत्पादन में वृद्धि, सिंचाई व्यवस्था आदि पर जोर दिया गया। फसली ऋण व किसान क्रेडिट कार्ड वितरण पर भी चर्चा की गई। गोष्ठी में सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि खीरी जिले में खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए धान, मक्का, अरहर, उड़द, मूंगफली व तिल सहित विभिन्न फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन में वृद्धि की कार्ययोजना तैयार की गई है।
कृषि यंत्रीकरण योजनाओं, फार्मर रजिस्ट्री व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इस दौरान प्राकृतिक खेती, एफपीओ आधारित कृषि विकास, सूक्ष्म सिंचाई, एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन के बारे में बताया साथ ही ड्रैगन फ्रूट की खेती और केला रेशा आधारित परियोजनाओं जैसे नवाचारों को प्रस्तुत किया। गोष्ठी में यह भी निर्णय लिया गया कि सूखा व बाढ़ संभावित क्षेत्रों के लिए पहले से ही तैयारियां कर ली जाएं। इस गोष्ठी में खीरी जिले के उप कृषि निदेशक गिरीश चन्द, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युंजय सिंह, जिला गन्ना अधिकारी वेद प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


